महाशिवरात्रि को लेकर भूतेश्वर व बागेश्वर महादेव मंदिर का एसएसपी ने किया निरीक्षण


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । आगामी महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर ने गुरुवार को श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर एवं श्री बागेश्वर महादेव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पर्व के दृष्टिगत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, भीड़ नियंत्रण के लिए समुचित बैरिकेडिंग एवं प्रवेश-निकास व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने हेतु आवश्यकतानुसार डायवर्जन प्लान लागू करने एवं पार्किंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर सतर्क निगरानी रखने, महिला सुरक्षा के विशेष प्रबंध करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्रिम तैयारियां पूरी रखने के निर्देश भी दिए गए।
सहारनपुर पुलिस प्रशासन ने कहा कि महाशिवरात्रि पर्व को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।











