महाशिवरात्रि से पूर्व कांवड़ मार्ग का एसएसपी ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । आगामी महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनज़र वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर ने गुरुवार को कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बॉर्डर काली नदी पुलिस चौकी, थाना गागलहेड़ी तक पूरे कांवड़ मार्ग की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन का बारीकी से जायजा लिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांवड़ मार्ग पर जहां-जहां सड़क क्षतिग्रस्त है, वहां तत्काल मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए। कांवड़ियों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग, संकेतक बोर्ड एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
यात्रा के दौरान यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभावी डायवर्जन एवं रूट प्लान तैयार कर लागू करने, संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित रिस्पांस एवं मेडिकल सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
साथ ही कांवड़ मार्ग पर निरंतर गश्त एवं पेट्रोलिंग कर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों पर सतर्क नजर रखने के लिए कहा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सहारनपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।











