पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर गौकश गिरफ्तार, एक घायल तमंचा, कारतूस, गोकशी के उपकरण व बिना नंबर बाइक बरामद


शहरी चौपाल ब्यूरो
बेहट (सहारनपुर)। जनपद में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना बेहट पुलिस ने गुरुवार को मुठभेड़ के बाद दो शातिर गौकशों को गिरफ्तार किया है। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध, हत्या, गोकशी, नकबजनी, एनडीपीएस व चोरी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत 12 फरवरी 2026 को थाना बेहट पुलिस टीम जनता रोड स्थित ग्राम पिठौरी मार्ग पर झिंझौली तिराहे के पास बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ग्राम पिठौरी की ओर से एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए, जिनकी बाइक पर पीछे प्लास्टिक का कट्टा बंधा हुआ था।
पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर दोनों संदिग्ध कच्चे रास्ते की ओर भागने लगे। पीछा करने पर उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरे आरोपी को कॉम्बिंग अभियान चलाकर पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शौकीन पुत्र फारूख निवासी ग्राम दबकौरा थाना बेहट और सादिक पुत्र जानमौहम्मद निवासी ग्राम दबकौरा थाना बेहट के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी शातिर किस्म के गौकश हैं और पूर्व में भी उनके खिलाफ थाना बेहट में गौकशी के मामले दर्ज हैं। उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा, दो जिंदा कारतूस .315 बोर, गोकशी के उपकरण तथा एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।











