सहारनपुर

मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश घायलावस्था में गिरफ्तार

तमंचा व कारतूस बरामद, साथी फरार; पुलिस की सघन कॉम्बिंग जारी

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। थाना कोतवाली देहात पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात व उपनिरीक्षक बलराम सिंह पुलिस टीम के साथ देवला से सरकड़ी खुमार मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों भागने लगे। पीछा करने पर एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।

पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस द्वारा कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान महताब पुत्र इरशाद निवासी ग्राम सलेमपुर भुकड़ी, थाना कोतवाली देहात, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। वह थाना कोतवाली देहात का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर मु0अ0सं0 26/2026 धारा 317(5) बीएनएस तथा मु0अ0सं0 646/2025 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस में वांछित होने के साथ 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, हत्या और नकबजनी समेत करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!