मोंट फोर्ट स्कूल गागलहेड़ी में भव्य कार्निवाल, उत्साह से झूमे बच्चे व अभिभावक


शहरी चौपाल ब्यूरो
गागलहेड़ी। मोंट फोर्ट स्कूल परिसर में भव्य कार्निवाल का आयोजन धूमधाम और उत्साह के साथ किया गया। रंग-बिरंगे स्टॉल, मनोरंजक राइड्स और खेल गतिविधियों के बीच विद्यालय परिसर उत्सव स्थल में तब्दील हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ थानाध्यक्ष गागलहेड़ी अमित नागर ने फीता काटकर किया। विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्निवाल में विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में विभिन्न फूड स्टॉल, आकर्षक राइड्स और खेल स्टॉल लगाए गए थे, जहां बच्चों और अभिभावकों ने पूरे उत्साह के साथ आनंद लिया। संगीत और हंसी-खुशी के माहौल ने पूरे परिसर को जीवंत बना दिया।
समापन अवसर पर महिला चौकी इंचार्ज मोनिका यादव ने लकी ड्रा निकालकर कार्यक्रम का समापन किया। लकी ड्रा में प्रथम पुरस्कार एलईडी टीवी सहारनपुर निवासी शोभित गुप्ता को, द्वितीय पुरस्कार माइक्रोवेव खजूरी अकबरपुर की पार्वती को तथा तृतीय पुरस्कार गैस स्टोव मक्के बांस निवासी कैफ अली को प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य सांत्वना पुरस्कार भी वितरित किए गए। सभी विजेताओं ने पुरस्कार प्राप्त कर हर्ष व्यक्त किया।
विद्यालय प्रबंधक पंकज गर्ग ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सहयोग की भावना और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं। मुख्य अतिथि अमित नागर एवं मोनिका यादव ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय स्टाफ, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का विशेष सहयोग रहा। बड़ी संख्या में उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों की सहभागिता से कार्निवाल अत्यंत सफल एवं यादगार बन गया।











