सहारनपुर

महाशिवरात्रि को लेकर परिक्षेत्र स्तर पर हाई अलर्ट, डीआईजी अभिषेक सिंह ने की समीक्षा बैठक

तीनों जनपदों के पुलिस अधिकारियों को सतर्कता व कड़े प्रबंध के निर्देश

 

शहरी चौपाल ब्यूरो

सहारनपुर। महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र, अभिषेक सिंह ने परिक्षेत्र के तीनों जनपद—सहारनपुर, मुजफ्फरनगर एवं शामली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारीगण के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित की।

बैठक में जनपदों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के सुचारु संचालन एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थलों एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने पर विशेष जोर दिया गया। कांवड़ यात्रा मार्ग में पड़ने वाले गूलर के वृक्षों के कटान/कवरिंग, शोभायात्राओं को सकुशल संपन्न कराने तथा मेला क्षेत्रों में फायर सेफ्टी एवं झूला सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए।

अभिषेक सिंह ने मंदिर-मस्जिद के आसपास की कम्यूनिटी के साथ समन्वय स्थापित कर आपसी सौहार्द बनाए रखने, अनर्गल बयानबाजी पर प्रभावी नियंत्रण तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। मीट शॉप्स के नियमानुसार संचालन एवं डीजे साउंड सिस्टम को निर्धारित मानकों के अनुरूप नियंत्रित रखने पर भी बल दिया गया।

बैठक में एंटी रोमियो स्क्वॉड एवं महिला पुलिस को मंदिर परिसर एवं जलाभिषेक स्थलों के आसपास महिलाओं की सुरक्षा हेतु विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। साथ ही संभावित जातीय तनाव या वैमनस्य की स्थितियों पर सतत निगरानी रखने तथा पोस्टर पार्टी के माध्यम से क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने को कहा गया।

इसके अतिरिक्त बजट 2025-26 के अंतर्गत निर्माण कार्यों, तीन नए कानूनों के क्रियान्वयन तथा आवश्यक उपकरणों की खरीद एवं धनराशि के उपयोग की भी समीक्षा की गई।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!