सहारनपुर

फॉर्म सात पर अखिलेश यादव की बड़ी जीत : टिंकू अरोड़ा

नई गाइडलाइन से फर्जी तरीके से वोट कटवाने पर लगी पूरी तरह रोक अब बल्क में जमा नहीं होंगे फॉर्म सात, पहचान अनिवार्य

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश द्वारा फॉर्म सात को लेकर नई गाइडलाइन जारी किए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसे समाजवादी पार्टी की बड़ी जीत माना जा रहा है। वरिष्ठ सपा नेता एवं पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने इसे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी कार्यकर्ताओं की निर्णायक जीत बताया है।

टिंकू अरोड़ा ने कहा कि पिछले कई दिनों से अखिलेश यादव लगातार फॉर्म सात के दुरुपयोग को लेकर भारत निर्वाचन आयोग और उत्तर प्रदेश निर्वाचन आयोग को घेर रहे थे। उन्होंने साफ तौर पर आरोप लगाया था कि सत्ता पक्ष के दबाव में आकर फॉर्म सात का दुरुपयोग किया जा रहा है और विपक्षी मतदाताओं के वोट कटवाने के लिए उत्तर प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में फर्जी फॉर्म सात बांटे जा रहे हैं, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता लगातार पोलिंग बूथ स्तर पर बीएलओ से संपर्क कर इन फर्जी फॉर्म सात को उजागर कर रहे थे और अधिकारियों से इनके दुरुपयोग पर रोक लगाने की मांग कर रहे थे। इसी के परिणामस्वरूप भारत निर्वाचन आयोग ने संज्ञान लेते हुए गाइडलाइन जारी की है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि अब कोई भी व्यक्ति केवल अपना व्यक्तिगत फॉर्म सात ही जमा कर सकेगा।

नई गाइडलाइन के अनुसार अब कोई भी व्यक्ति बल्क यानी थोक में दूसरों के फॉर्म सात इकट्ठा कर एक साथ जमा नहीं कर पाएगा। इसके साथ ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश नवदीप रीनवा ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति डाक के माध्यम से भी दूसरों के फॉर्म सात इकट्ठा कर भेजता है, तो उन्हें भी स्वीकार नहीं किया जाएगा।

गाइडलाइन में यह भी अनिवार्य किया गया है कि फॉर्म सात भरने वाले व्यक्ति का नाम स्वयं मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए। फॉर्म भरते समय अपना नाम, वोटर आईडी संख्या और मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा। बिना पहचान उजागर किए किसी भी मतदाता का नाम सूची से नहीं काटा जा सकेगा। हालांकि, यदि किसी मतदाता का निधन हो गया हो या वह स्थायी रूप से दूसरी जगह चला गया हो, तो उसके परिवार के सदस्य फॉर्म सात भरकर जमा कर सकते हैं।

अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने भारत निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश निर्वाचन आयोग, समस्त बीएलओ और प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निष्पक्षता से कार्य करते हुए यह सुनिश्चित किया गया है कि अब किसी भी व्यक्ति का वोट गलत तरीके से नहीं काटा जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता अखिलेश यादव के निर्देशों के अनुरूप अपने-अपने बूथों पर पूरी सजगता के साथ निगरानी बनाए रखेंगे।

नई गाइडलाइन के बाद जनपद सहित पूरे प्रदेश में फॉर्म सात को लेकर चल रही राजनीति और भी तेज हो गई है।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!