विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत 3018 मतदान स्थलों पर मतदाता सूची का वाचन
जनपद की सातों विधानसभा क्षेत्रों में विशेष अभियान दिवस आयोजित, दावे-आपत्तियां ली गईं


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का कार्य जनपद सहारनपुर में निरंतर जारी है। यह अभियान 06 जनवरी 2026 से 06 मार्च 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारियों एवं पदाभिहित अधिकारियों द्वारा मतदाता सूची से संबंधित दावे व आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं।
विशेष अभियान दिवस के अवसर पर जनपद की सभी सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों—बेहट, नकुड़, सहारनपुर नगर, सहारनपुर, देवबन्द, रामपुर मनिहारान एवं गंगोह—के अंतर्गत स्थित 3018 मतदान स्थलों पर तैनात 3018 बूथ लेवल अधिकारियों ने अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर संबंधित आलेख्य निर्वाचक नामावलियों का वाचन किया। इस दौरान अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक एवं डुप्लीकेट मतदाताओं की ASDD सूची तथा लॉजिकल डिस्कीपेन्सी (तार्किक विसंगतियों) की सूचियां भी उपस्थित मतदाताओं एवं आमजन को पढ़कर सुनाई गईं। कई मतदान स्थलों पर राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट भी मौजूद रहे।
विशेष अभियान दिवस का निरीक्षण अपर आयुक्त प्रशासन सहारनपुर मण्डल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट तथा संबंधित उप जिलाधिकारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण एवं कार्य की प्रगति संतोषजनक पाई गई। बूथ लेवल अधिकारियों को फार्म-6 भरने की प्रक्रिया, आवश्यक साक्ष्य, डिजिटाइजेशन, नोटिस तामीली तथा तार्किक विसंगतियों के निराकरण के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही अवशेष नोटिसों को तत्काल जनरेट कर वितरण कराने के भी निर्देश दिए गए।
रोल प्रेक्षक एवं आयुक्त सहारनपुर मण्डल द्वारा नामित मण्डलीय अधिकारियों ने भी सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण कर पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षणकर्ताओं ने मतदान स्थलों पर उपस्थित नागरिकों एवं मतदाताओं से अपील की कि वे विशेष अभियान दिवस का लाभ उठाते हुए अपने तथा अपने परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें और निर्वाचक नामावली को शुद्ध व अद्यतन बनाने में सहयोग करें।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि यह विशेष पुनरीक्षण अभियान मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, शुद्ध एवं अद्यतन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।











