क्विज प्रतियोगिता में अभिमन्यु व कार्तिक ने मारी बाजी
स्वच्छता और गणित प्रतियोगिता में बच्चों में दिखा उत्साह


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। वॉश इन्स्टीट्यूट एवं प्रथम एजुकेशन फाउण्डेशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में अभिमन्यु व कार्तिक ने बाजी मारी
यूपीएस खलासी लाइन के प्रांगण में आयोजित स्वच्छता प्रश्नोत्तरी एवं गणित ओलंपियाड क्विज प्रतियोगिता में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के 25 विद्यालयों से 50 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, साथ ही गणितीय समझ और तार्किक क्षमता को प्रोत्साहित करना रहा।
स्वच्छता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अभिमन्यु यूपीएस नुमाइश कैंप, द्वितीय स्थान लक्ष्मी यूपीएस खलासी लाइन, तृतीय स्थान लक्ष्मी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय ने प्राप्त किया। इसके अलावा गणित ओलंपियाड क्विज में प्रथम स्थान कार्तिक यूपीएस खलासी लाइन, द्वितीय स्थान कृष्णा यूपीएस दाबकी गुज्जर व लक्ष्मी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तथा तृतीय स्थान आयुष यूपीएस मनोहरपुर ने प्राप्त किया।
नगर क्षेत्र के बीईओ योगेश शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल आदत नहीं, बल्कि जीवन का संस्कार है। यदि बच्चे छोटी उम्र से ही स्वच्छता और गणित जैसे विषयों में रुचि लेते हैं, तो वे न केवल अच्छे विद्यार्थी बल्कि जिम्मेदार नागरिक भी बनते हैं। इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ बच्चों के आत्मविश्वास और बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम के अंत में उच्च स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए, वहीं सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग से बलियाखेड़ी ब्लॉक के बीईओ सुरेश त्यागी, नगर क्षेत्र के बीईओ योगेश शर्मा, आईटीसी से प्रकाश कुमार, सुश्री रिया, वॉश इन्स्टीट्यूट एवं प्रथम एजुकेशन फाउण्डेशन की टीम उपस्थित रही।

















