सहारनपुर

संत रविदास जयंती पर गांव-गांव निकली भव्य शोभायात्राएं, विधायक देवेंद्र निम ने किया संत के विचारों का गुणगान

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की जन्म जयंती के अवसर पर विधानसभा रामपुर मनिहारान क्षेत्र में आस्था और श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। ग्राम पहाड़पुर, लखनौर, कुराली, मोहनपुर गाड़ा, सावंतखेड़ी, मियांगी, थारौली, ग्राम पठौड़ी सहित कस्बा रामपुर मनिहारान के मोहल्ला इकराम एवं मोहल्ला कंजिया में भव्य शोभायात्राओं का आयोजन किया गया। शोभायात्राओं में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

शोभायात्राओं में शामिल रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम ने संत रविदास महाराज जी के जीवन और उपदेशों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का अमूल्य संदेश दिया। विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि संत रविदास जी ने जाति और वर्ग के आधार पर भेदभाव को सिरे से नकारा और समरस समाज की स्थापना का मार्ग दिखाया, जो आज भी प्रासंगिक है।

विधायक ने संत रविदास जी के प्रसिद्ध दोहे

“जनम जात मत पूछिए, का जात अरू पात।

रैदास पूत सब प्रभु के, कोए नहिं जात कुजात॥”

का उल्लेख करते हुए कहा कि संत के विचार समाज को जोड़ने वाले हैं और हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर सामाजिक एकता को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि संत रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर एक समतामूलक और सौहार्दपूर्ण समाज का निर्माण करें।

शोभायात्रा के दौरान धार्मिक भजनों, कीर्तन और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। अंत में संत रविदास महाराज जी के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए और सभी ने उनके उपदेशों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर देशवासियों को श्री गुरु रविदास जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!