मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में हुई सीएम डैश बोर्ड पर विकास कार्यों, कर करेत्तर एवं राजस्व कार्यों तथा कानून व्यवस्था की बैठक
आवंटित विद्यालयों का निरीक्षण नहीं करने पर संबंधित को नोटिस जारी करने के निर्देश आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय से हो निस्तारण: मंडलायुक्त संवेदनशील स्थलों पर रखा जाए विशेष ध्यान: डीआईजी


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने निर्देश दिए कि फैमिली आईडी में बेहतर कार्ययोजना बनाते हुए तीनों जनपदों में अपेक्षित प्रगति लाना सुनिश्चित करें। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के भी निर्देश दिए। मंडलायुक्त डा. रूपेश कुमार आज सर्किट हाउस सभागार में सीएम डैश बोर्ड पर विकास कार्यों, कर करेत्तर एवं राजस्व कार्यों तथा कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि छोटी एवं सहायक नदियों के पुनरुद्धार के लिए मंडल के तीनों जनपदों में नदी चिन्हित की जाए। जो नदी चिन्हित की जाए उसके किनारों पर पड़ने वाले गांवों में स्थित तालाबों का जीर्णोद्धार करते हुए उनके किनारों पर वृक्षारोपण भी कराया जाए। इस संबंध में संबंधित विभागों के साथ एवं सिविल सोसाइटी के सदस्यों को लेते हुए एक कार्यशाला आयोजित की जाए। अल्पसंख्यक कल्याण, जल जीवन मिशन, नियोजन, पंचायती राज, पर्यटन, पर्यावरण वन एवं जलवायु, पीएम पोषण विद्यालय, पिछडा वर्ग कल्याण, युवा कल्याण, लोक निर्माण, विश्वकर्मा श्रम सम्मान, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास, समाज कल्याण द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की रैंकिंग में मण्डल के जिन जनपदों में गिरावट आई है उसको अगले माह सुधारने के सख्त निर्देश दिए। दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए संबंधित मुख्य विकास अधिकारी समीक्षा करें। उन्होंने संयुक्त निदेशक कृषि को निर्देश दिए कि कृषि विभाग फार्मर रजिस्ट्री कराने के कार्य में अग्रणी भूमिका निभाएं। उन्होंने स्वामित्व योजना में प्रगति लाने के निर्देश दिए। डॉ. रूपेश कुमार ने कहा कि सभी विभाग विकास कार्यों में प्राप्त रैकिंग को उच्चतम श्रेणी में लाएं। कर करेत्तर एवं राजस्व प्राप्ति की समीक्षा में उन्होने निर्देश दिए कि आबकारी, परिवहन, वाणिज्यकर, खनन, स्टाम्प, मण्डी लक्ष्य के अनुरूप वूसली करें तथा बैकलॉग को समाप्त करना सुनिश्चित करें। कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति 5.0, यातायात व्यवस्था तथा आगामी कार्यक्रमों के दृष्टिगत तैयारियों के संबंध में विस्तार से समीक्षा की गयी। मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि अपराधियों को यथाशीघ्र दण्ड मिल सके इसके लिए विवेचना के कार्यों में तेजी लाई जाए। मंडल में रविदास जयंती को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराना सुनिश्चित करें। सोशल मीडिया पर नजर रखी जाए तथा माहौल खराब करने वालों के विरुद्ध कड़ी विधिक कार्यवाही की जाए। पुलिस उप महानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्यौहार के दृष्टिगत संवेदनशील स्थलों पर विशेष ध्यान रखा जाए एवं डीजे की ऊंचाई एवं चैडाई मानक के अनुसार रखी जाए। स्थापित मिशन शक्ति केन्द्रों के संचालन में प्रोबेशन विभाग अपेक्षित सहयोग देना सुनिश्चित करें। बैठक में जिलाधिकारी सहारनपुर मनीष बंसल, जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर उमेश मिश्रा, जिलाधिकारी शामली अरविन्द कुमार चैहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर आशीष तिवारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक शामली नरेन्द्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त शिपू गिरी, मुख्य विकास अधिकारी सहारनपुर सुमित राजेश महाजन, अपर आयुक्त प्रशासन रमेश यादव, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सहारनपुर सलिल कुमार पटेल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व मुजफ्फरनगर गजेन्द्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शामली सत्येन्द्र सिंह, संयुक्त विकास आयुक्त दुष्यंत कुमार सिंह, डीआईजी स्टाम्प अखिलेश दुबे, उप निदेशक पंचायत हरिकेश बहादुर, अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, जल निगम, चिकित्सा सहित संबंधित विभागों के मण्डल एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

















