मण्डलायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग व एनएचएम की मण्डलीय समीक्षा की
ईडीएल के अंतर्गत शत-प्रतिशत दवाइयों की उपलब्धता के निर्देश, टीबी व मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर विशेष जोर


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । मण्डलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार की अध्यक्षता में कार्यालय सभागार में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की मंडल स्तरीय मासिक भौतिक एवं वित्तीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में सहारनपुर मंडल को यूपी हेल्थ डैशबोर्ड में प्रथम रैंक प्राप्त होने पर सभी अधिकारियों को बधाई दी गई।
मण्डलायुक्त ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर की रिपोर्टिंग, ई-संजीवनी टेली-कंसल्टेशन, आशा बजट इंसेंटिव भुगतान, एनसीडी जांच तथा छाया एकीकृत वीएचएसएनडी सत्रों की गहन समीक्षा की। वित्तीय समीक्षा के दौरान प्राप्त बजट, उसके व्यय प्रतिशत और उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
उन्होंने नवीन ईडीएल के अंतर्गत सभी चिकित्सा इकाइयों पर शत-प्रतिशत दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनमानस को दवाइयों से वंचित न होना पड़े। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत सहारनपुर में 74 प्रतिशत, मुजफ्फरनगर में 56 प्रतिशत और शामली में 79 प्रतिशत उपलब्धि को और बढ़ाने पर जोर दिया गया। साथ ही सभी सीएचसी और एफआरयू की क्रियाशीलता सुनिश्चित कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावी रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत ग्राम स्तर पर टीबी की रोकथाम हेतु समन्वित प्रयास और जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इलाज के बाद टीबी से मुक्त मरीजों को पेशेंट सपोर्ट ग्रुप बनाकर अपने अनुभव साझा करने तथा निःक्षय पोषण योजना की राशि समय से उपलब्ध कराने पर भी बल दिया गया।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा में संस्थागत प्रसव बढ़ाने, हाई-रिस्क प्रेगनेंसी के लिए अलग प्रसव योजना बनाने और पूर्ण फॉलो-अप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम में एसएनसीयू व पोषण पुनर्वास केंद्रों में भर्ती बच्चों की सतत निगरानी पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत नवीन गर्भनिरोधक साधनों के उपयोग और प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने, नवविवाहित दंपतियों को सभी सेवाएं उपलब्ध कराने तथा अग्रिम पंक्ति की कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए गए।
मण्डलायुक्त ने सभी चिकित्सा इकाइयों पर साफ-सफाई, ओपीडी में डॉक्टरों की उपस्थिति, दवाइयों की उपलब्धता, प्रसव कक्ष, इमरजेंसी, दवा वितरण कक्ष, पीएनसी वार्ड और एंबुलेंस सेवाओं को सुनिश्चित करते हुए पेशेंट-सेंट्रिक अप्रोच पर कार्य करने को कहा।
बैठक में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर निदेशक, संयुक्त निदेशक, सीएमओ, सीएमएस, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मंडलीय कार्यक्रम प्रबंधक, जनपदीय कार्यक्रम प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन रंजीत कुमार, मंडलीय कार्यक्रम प्रबंधक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, सहारनपुर मंडल द्वारा किया गया।

















