शिक्षण संस्थाओं में शान से लहराया तिरंगा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा देशभक्ति का संदेश


शहरी चौपाल ब्यूरो
बेहट (सहारनपुर)। तहसील बेहट क्षेत्र में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। क्षेत्र की सभी शिक्षण एवं निजी संस्थाओं में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसी क्रम में सहारनपुर-चकरोता मार्ग स्थित ग्राम इस्माइलपुर-अंबेहटा के श्री सुमेरी लाल मेमोरियल जूनियर हाईस्कूल में भव्य गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता लाखन सिंह, अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के सदस्य एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री महिपाल वाल्मीकि तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख व जिला पंचायत सदस्य हंसराज गौतम, एडवोकेट बबलू कुमार, प्रधान राकेश कुमार और विद्यालय प्रबंधक अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर सलामी दी। अतिथियों का विद्यालय प्रबंधन द्वारा पगड़ी और फूलमालाओं से स्वागत किया गया।
समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। “मेरा देश रंगीला”, “मां तुझे सलाम” और “ऐ मेरे वतन के लोगों” जैसे गीतों पर बच्चों की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इससे पूर्व भारत की महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लाखन सिंह और महिपाल वाल्मीकि ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज का महत्व बताते हुए देशप्रेम, अनुशासन और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। समारोह प्रेरक और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर कृष्णा सिंह, मुजम्मिल, कुर्बान सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

















