77वें गणतंत्र दिवस पर भाकियू चौहान व भाकियू क्रांति की तिरंगा यात्रा, किसान एकता का दिया संदेश


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारतीय किसान यूनियन चौहान के राष्ट्रीय अध्यक्ष आसिफ चौहान, भारतीय किसान यूनियन क्रांति कार्य के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम गुर्जर तथा भारतीय किसान यूनियन चौहान के राष्ट्रीय सचिव बाबा राजकुमार ठाकुर के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने तीतरों के ईदगाह स्टैंड से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। तिरंगा यात्रा कस्बे के विभिन्न मार्गों से होती हुई सरफराज खान के कार्यालय पर पहुंची, जहां ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई।
इस अवसर पर भाकियू चौहान के राष्ट्रीय अध्यक्ष आसिफ चौहान ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान की ताकत और किसानों के अधिकारों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि किसान देश की रीढ़ है और जब तक किसान मजबूत नहीं होगा, तब तक देश का विकास अधूरा रहेगा। उन्होंने किसानों से एकजुट रहकर अपने हक और सम्मान के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।
भाकियू क्रांति कार्य के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि त्याग, संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज किसान आर्थिक संकट, महंगाई और फसल के वाजिब दाम न मिलने से परेशान है, लेकिन किसान संगठन संविधान के दायरे में रहकर अपनी लड़ाई लड़ते रहेंगे।
भाकियू चौहान के राष्ट्रीय सचिव बाबा राजकुमार ठाकुर ने कहा कि गणतंत्र दिवस का संदेश है—समानता, न्याय और अधिकार। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर और गरीब वर्ग को उनका संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा और किसी भी प्रकार के अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
तिरंगा यात्रा में सरफराज खान, समीर मलिक, अरशद अंसारी, आनंद बौद्ध, दीपक कुमार, पुरानचंद अध्यक्ष, रामकुमार कश्यप, रामकुमार शंभू खान, अरशद खान, अशफाक अंसारी, शराफत मेंबर, बाबर खान, शाहिद सहित सैकड़ों युवक और किसान कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और गणतंत्र दिवस का पर्व उत्साह व देशभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ।

















