गणतंत्र दिवस पर नकुड़ को मिला 111 फीट ऊँचा राष्ट्रध्वज


शहरी चौपाल ब्यूरो
नकुड़ (सहारनपुर)।77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर नगर को एक ऐतिहासिक सौगात मिली। नगर के बस स्टैंड मुख्य स्थल पर 111 फीट ऊँचे विशाल राष्ट्रध्वज का अनावरण किया गया, जो अब राष्ट्र गौरव स्थल के रूप में जाना जाएगा।
ध्वज का संयुक्त रूप से अनावरण जिलाधिकारी मनीष बंसल, पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी, विधायक मुकेश चौधरी, पूर्व विधायक महिपाल माजरा, एसडीएम सुरेंद्र कुमार, सीओ रुचि गुप्ता एवं कार्यक्रम आयोजक नगर पालिका चेयरमैन शिवकुमार गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि यह तिरंगा केवल कपड़े का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्र की अस्मिता, एकता और अखंडता का जीवंत संदेश है। उन्होंने इस ऐतिहासिक पहल के लिए नगर पालिका अध्यक्ष की सराहना की। पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी व विधायक मुकेश चौधरी ने कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान-शान का प्रतीक है और आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम आयोजक पालिका चेयरमैन शिवकुमार गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर के विकास के लिए वे पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने अतिथियों को तिरंगा पटका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सुभाष चौधरी, ईओ विजय प्रताप सिंह, संजीव चौधरी, सभासद अनुज सिंघल, वरुण मित्तल, पुनीत चौधरी, त्रिलोकचंद, फरमान हैदर, हसीब, जुनैद असगर, रिंकू गुप्ता, राजकुमार प्रजापति, अरुण चौधरी सहित बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

















