पुण्यतिथि पर सपाइयों ने महेन्द्र भल्ला को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रख्यात समाजवादी चिंतक, मुरादाबाद मंडल विकास निगम के पूर्व चेयरमैन एवं राज्यमंत्री रहे महेन्द्र भल्ला की 30वीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उनके आदर्शों और सिद्धांतों पर चलने तथा समाजवादी पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
स्थानीय अंबाला रोड स्थित सपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सपाइयों ने महेन्द्र भल्ला के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद ने कहा कि महेन्द्र भल्ला समाजवादी विचारधारा के मजबूत स्तंभ थे, जिन्होंने जयप्रकाश नारायण और राजनारायण जैसे नेताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर समाजवादी आंदोलन को सशक्त किया।
पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर विजेश कुमार शर्मा और पार्षद फहाद सलीम ने कहा कि महेन्द्र भल्ला संघर्ष और समर्पण की मिसाल थे, जिन्होंने जाति-धर्म से ऊपर उठकर दलित, पीड़ित और शोषित वर्ग को न्याय दिलाने का कार्य किया।
प्रदेश कार्यकारिणी के विशेष आमंत्रित सदस्य रतन यादव एवं कार्यालय प्रभारी फैसल सलमानी ने कहा कि महेन्द्र भल्ला के आदर्शों पर चलते हुए पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत कर आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की जीत सुनिश्चित करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में मुस्तकीम राणा, चौधरी जुमला सिंह, शहजाद माजरा, सनी कुमार, हसीन कुरैशी, दक्ष यादव, वेदपाल पटनी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

















