सत्ता के नशे में चूर पूर्व विधायक का हंगामा, दिल्ली रोड पेट्रोल पंप पर मारपीट से मचा बवाल


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र में दिल्ली रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भाजपा से जुड़े पूर्व विधायक नरेश सैनी के भांजे और पेट्रोल पंप कर्मचारियों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि सत्ता की हनक और सत्ता के नशे में चूर होकर पूर्व विधायक पक्ष के लोगों ने पेट्रोल पंप कर्मियों के साथ अभद्रता और मारपीट की। मामला बढ़ने पर स्वयं पूर्व विधायक भी मौके पर पहुंचे और विवाद में कूद पड़े।
पेट्रोल पंप कर्मचारी ऋतिक निवासी भगवानपुर, नकुड़ ने थाना सदर बाजार में दी तहरीर में बताया कि वह पिछले एक माह से दिल्ली रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर कार्यरत है। 31 दिसंबर 2025 को ड्यूटी के दौरान एक सफेद स्कॉर्पियो कार पेट्रोल पंप पर आई, जिस पर भाजपा का झंडा लगा था। कार से उतरे चार-पांच युवकों ने सत्ता के नशे में चूर होकर गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ मारपीट की। पूरी घटना पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस ने कर्मचारी की तहरीर पर पांच-छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दूसरी ओर, पूर्व विधायक नरेश सैनी ने भी इस मामले में पुलिस को तहरीर दी है। उनका आरोप है कि उनके भांजे प्रवीण के साथ पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने मारपीट की और जब वह बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी हाथापाई की गई, जिसमें उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। पूर्व विधायक ने पेट्रोल पंप पर घटतौली का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।
हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व विधायक और उनके साथ आए लोग सत्ता की हनक में नियम-कानून भूल बैठे और सत्ता के नशे में चूर होकर कर्मचारियों पर रौब गांठने लगे। यही कारण रहा कि मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।
इस संबंध में सीओ द्वितीय मनोज कुमार यादव ने बताया कि दिल्ली रोड स्थित पेट्रोल पंप पर दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई है। वीडियो के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। निष्पक्ष जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








