रामपुर मनिहारान में गरीब व असहायों को बांटे गए कंबल, राज्यमंत्री ने किया वितरण


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच तहसील रामपुर मनिहारान में असहाय एवं गरीब व्यक्तियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास) जसवंत सैनी ने उपस्थित होकर जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए।
जानकारी के अनुसार तहसील रामपुर मनिहारान को जिला स्तर से कुल 1450 कंबल प्राप्त हुए हैं। इनमें से अब तक 612 कंबल गरीब एवं असहाय व्यक्तियों को वितरित किए जा चुके हैं। वितरित कंबलों की जानकारी लाभार्थियों के फोटो सहित आपदा प्रहरी ऐप पर अपलोड कर दी गई है।
जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशों के क्रम में शेष 838 कंबलों में से 500 कंबल वितरण के लिए संबंधित लेखपालों को सौंप दिए गए हैं, ताकि शीतलहर और ठंड से बचाव के लिए जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके।
तहसील प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप यह सुनिश्चित किया जाएगा कि तहसील रामपुर मनिहारान क्षेत्र में कोई भी गरीब या असहाय व्यक्ति कंबल वितरण से वंचित न रहे। प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखते हुए वितरण कार्य को तेज गति से पूरा किया जा रहा है।



















