सहारनपुर में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा, तापमान 8 डिग्री पर पहुंचा


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद सहारनपुर में आज सुबह प्रकृति का एक अलग ही रूप देखने को मिला। सुबह करीब 7रू30 बजे तापमान गिरकर 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे पूरे शहर में कड़ाके की ठंड का असर दिखाई दिया। घने कोहरे के कारण दृश्यता लगभग शून्य हो गई, जिससे सड़कों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। कोहरे की वजह से छोटे-बड़े वाहनों की रफ्तार थम सी गई। वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर अत्यंत धीमी गति से आगे बढ़ना पड़ा। कई स्थानों पर लोगों को रास्ता देखने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। चारों ओर फैली सफेद धुंध ने ऐसा दृश्य प्रस्तुत किया मानो शहर पर श्वेत चादर ओढ़ा दी गई हो। भीषण ठंड और घने कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह के समय लोग घरों में दुबके नजर आए, वहीं सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। ठिठुरन भरी इस सुबह में जहां एक ओर ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाईं, वहीं प्रकृति का यह मनमोहक लेकिन डरावना दृश्य लोगों के लिए चर्चा का विषय बना रहा।







