मनरेगा से गांधी का नाम हटाना गरीबों के हक पर कुठाराघात : संदीप राणा


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार सोमवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिंह राणा एवं महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी के संयुक्त नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम मनरेगा कानून से हटाए जाने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने नारेबाजी करते हुए जिला प्रशासन को महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान ध्यानमग्न गांधी जी के चित्र के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने कहा कि महात्मा गांधी के नाम से जुड़े मनरेगा कानून में बदलाव करना भाजपा सरकार की सुनियोजित साजिश है। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना के माध्यम से तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के गरीबों, दलितों और पिछड़ों को रोजगार की कानूनी गारंटी दी थी, जिसे समाप्त कर भाजपा ने गरीबों के अधिकारों पर कुठाराघात किया है।
संदीप राणा ने कहा कि नए प्रारूप में रोजगार की कोई ठोस गारंटी नहीं है और 125 दिनों तक रोजगार का वादा भी प्रदेशों की कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते खोखला साबित होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी जी की विचारधारा, विरासत और नैतिक मूल्यों को मिटाने के उद्देश्य से उनका नाम हटाना अक्षम्य अपराध है, जिसका कांग्रेस पुरजोर विरोध करती है और इसे पुनः लागू करने की मांग करती है।
महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी ने कहा कि भाजपा का यह कदम लोकतंत्र और संविधान के लिए खतरा है। उन्होंने इसे उन करोड़ों भारतीयों का अपमान बताया जो आज भी महात्मा गांधी की अहिंसा और सर्वधर्म समभाव की नीति में विश्वास रखते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसका मूल संगठन आरएसएस शुरू से ही गांधी जी की विचारधारा के विरोधी रहे हैं।
पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष मेहरबान आलम, एआईसीसी सदस्य चौधरी मुजफ्फर अली, पूर्व प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी व अशोक सैनी तथा अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश महासचिव अरविंद पालीवाल ने भी भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि देश में आज गोडसेवादी सोच के लोग सत्ता में हैं, जिनकी संविधान और लोकतंत्र के प्रति निष्ठा नगण्य है।
प्रदर्शन को महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्वेता सैनी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव वर्मा, सेवादल जिला अध्यक्ष इमरान कुरेशी, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश सचिव सतपाल बर्मन एवं जिला अध्यक्ष मनीष सहगल सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा, महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी, मेहरबान आलम, चौधरी मुजफ्फर अली, अशोक सैनी, प्रवीण चौधरी, गणेश दत्त शर्मा, नितिन शर्मा, अरविंद पालीवाल, सतपाल बर्मन, श्वेता सैनी, गौरव वर्मा, इमरान कुरेशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







