लखनऊ

घने कोहरे में एक्सप्रेसवे पर बदले नियम, कन्वॉय में चलेंगे वाहन

शहरी चौपाल ब्यूरो 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में घने कोहरे और धुंध के चलते एक्सप्रेसवे पर सफर जोखिम भरा होता जा रहा है। कम दृश्यता के कारण बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए यूपी एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने बड़ा फैसला लिया है। अब अत्यधिक कोहरे की स्थिति में वाहन चालकों को कन्वॉय (संगठित समूह) में चलाया जाएगा। यह व्यवस्था पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में लागू की जाएगी, ताकि यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके। नई व्यवस्था को बृहस्पतिवार रात से लागू कर दिया गया है।

यूपीडा के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी एसपी शाही ने बताया कि आगरा–लखनऊ, पूर्वांचल, बुंदेलखंड और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर तत्काल प्रभाव से विशेष सुरक्षा प्रबंध लागू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि 50 मीटर से कम दृश्यता होने पर वाहनों को निकटतम टोल प्लाजा, वे-साइड सुविधा केंद्र, पेट्रोल पंप या भोजनालय पर रोका जाएगा और उसके बाद सभी वाहनों को एक साथ कन्वॉय में रवाना किया जाएगा। इसके लिए पुलिस विभाग के साथ समन्वय कर मानक कार्यविधि (एसओपी) तैयार की गई है।

15 फरवरी तक या कोहरा कम होने तक घटाई गई गति सीमा

यूपीडा द्वारा सुरक्षा के मद्देनज़र एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति सीमा भी कम कर दी गई है—

एम-1 श्रेणी (आठ सीट तक निजी वाहन)

सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक: 80 किमी/घंटा

रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक: 60 किमी/घंटा

एम-2 व एम-3 श्रेणी (नौ या अधिक सीट वाले यात्री वाहन)

सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक: 60 किमी/घंटा

रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक: 50 किमी/घंटा

एन श्रेणी (मालवाहक वाहन)

सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक: 50 किमी/घंटा

रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक: 40 किमी/घंटा

यूपीडा अधिकारियों का कहना है कि ये नियम 15 फरवरी तक या कोहरे की स्थिति सामान्य होने तक लागू रहेंगे। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा में सहयोग दें।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!