सहारनपुर

सहारनपुर में 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता ‘कुराश’ पूरे उत्साह के साथ जारी, विजेताओं को मिला सम्मान

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। काष्ठनगरी सहारनपुर में 16 से 20 दिसंबर 2025 तक आयोजित 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेल प्रतियोगिता ‘कुराश’ पूरे उत्साह और जोश के साथ आगे बढ़ रही है। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ी अनुशासन और खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

गुरुवार 18 दिसंबर 2025 को प्रतियोगिता के अंतर्गत पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मंडलायुक्त सहारनपुर रूपेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत डॉ. पूजा रानी द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। संयुक्त शिक्षा निदेशक सहारनपुर राणा सहस्रांशु कुमार सुमन ने मंडलायुक्त का बाल वृक्ष, अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एस.डी. कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत पंजाबी नृत्य, दिगंबर जैन कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं का घूमर नृत्य तथा इंडस्ट्रियल मुस्लिम गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा झांसी की रानी पर दी गई प्रस्तुति को खूब सराहा गया। पाइनवुड स्कूल की रंगारंग प्रस्तुति ने भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके पश्चात खेल शिक्षक प्रवीण कुमार ने मंच से विजयी खिलाड़ियों के नामों की घोषणा की। मंडलायुक्त रूपेश कुमार ने खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर संयुक्त शिक्षा निदेशक राणा एस.के. सुमन, जिला विद्यालय निरीक्षक अरविंद पाठक, जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय हर्ष देव स्वामी सहित अनेक अधिकारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में मंडलायुक्त ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं अनुशासन, खेल भावना और आपसी सहयोग को बढ़ावा देती हैं। विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी एक-दूसरे की संस्कृति से परिचित होते हैं, जिससे राष्ट्रीय एकता और भाईचारा मजबूत होता है। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डॉ. करुणा कालरा द्वारा किया गया। ‘जय हिंद, जय भारत’ के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

प्रतियोगिता के तीसरे दिन भी सभी टीमें पूरे जोश और उत्साह के साथ मैदान में उतरीं और उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। अंडर-17 बालक वर्ग में 40 किग्रा भार वर्ग में महाराष्ट्र के अजिंक्य अरुण प्रथम, मध्य प्रदेश के वंश गौर द्वितीय तथा गुजरात के जजराज वसंत जी ठाकुर और त्रिपुरा के अरूपम चकम्मा तृतीय स्थान पर रहे। 45 किग्रा वर्ग में मध्य प्रदेश के लक्ष्य चौहान प्रथम, पंजाब के करन द्वितीय तथा उत्तर प्रदेश के उजैर साबरी और गुजरात के मेनिया कल्पेश तृतीय स्थान पर रहे। 50 किग्रा वर्ग में दिल्ली के मोहित ने प्रथम, महाराष्ट्र के आर्यन सचिन शिंदे ने द्वितीय तथा पंजाब के सुखजिंदर कुमार और डी.ए.वी. के कपिश शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 60 किग्रा वर्ग में उत्तर प्रदेश के पारस कश्यप प्रथम, त्रिपुरा के राजा नामा दास द्वितीय तथा छत्तीसगढ़ के हर्ष कुमार बंदे और दिल्ली के जतिन राणा तृतीय स्थान पर रहे।

अंडर-17 बालिका वर्ग में 36 किग्रा भार वर्ग में पश्चिम बंगाल की श्रीति मैजी प्रथम, दिल्ली की तनिषा द्वितीय तथा मध्य प्रदेश की खुशबू कुशवाहा और रुतुजा अरुण पाटिल तृतीय स्थान पर रहीं। 40 किग्रा वर्ग में गुजरात की विधि बेन शरदभाई प्रथम, महाराष्ट्र की मनस्वी अभिजीत द्वितीय तथा दिल्ली की कृतिका बाईसोया और मध्य प्रदेश की विजिता सेलू कट तृतीय स्थान पर रहीं। 44 किग्रा वर्ग में पंजाब की मानवी प्रथम, त्रिपुरा की अनीता द्वितीय तथा जम्मू-कश्मीर की सृष्टि गुप्ता और मणिपुर की लयशरम जीना तृतीय स्थान पर रहीं। 48 किग्रा वर्ग में उत्तर प्रदेश की प्राची पटेल प्रथम, दिल्ली की भूमि द्वितीय तथा जम्मू-कश्मीर की सांची गुप्ता और गुजरात की पंड्यारुद्रिका तृतीय स्थान पर रहीं। 52 किग्रा वर्ग में पंजाब की वंशिका प्रथम, महाराष्ट्र की श्रावणी उमेश सावंत द्वितीय तथा हिमाचल प्रदेश की जैस्मिन ठाकुर और गुजरात की सकालिया पूजाबेन तृतीय स्थान पर रहीं। 57 किग्रा वर्ग में पंजाब की इश्मीत कौर प्रथम, उत्तर प्रदेश की शशी पटेल द्वितीय तथा डी.ए.वी. कॉलेज की हर्षिता और दिल्ली की हंसिका मावी तृतीय स्थान पर रहीं। 63 किग्रा वर्ग में पंजाब की जेशना आहूजा प्रथम, दिल्ली की प्रीति कुमारी द्वितीय तथा उत्तर प्रदेश की वंशिका और जम्मू-कश्मीर की आर्य नजीर तृतीय स्थान पर रहीं।

आयोजकों के अनुसार आगामी दिनों में भी प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे और खिलाड़ी अपनी प्रतिभा से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाएंगे।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!