उत्तर प्रदेशलखनऊ

पंकज चौधरी बने यूपी भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष, गोरखपुर बना सत्ता का केंद्र

शहरी चौपाल ब्यूरो 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को औपचारिक रूप से यूपी भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। रविवार को उनके नाम की विधिवत घोषणा की गई, हालांकि एकमात्र नामांकन होने के कारण शनिवार को ही उनका अध्यक्ष बनना तय हो गया था।

लखनऊ स्थित राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक एवं भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचन के केंद्रीय प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल तथा प्रदेश चुनाव अधिकारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने पंकज चौधरी की निर्विरोध जीत की घोषणा की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

पंकज चौधरी प्रदेश भाजपा के 17वें अध्यक्ष बने हैं। वे कुर्मी बिरादरी से प्रदेश अध्यक्ष बनने वाले चौथे नेता हैं। इससे पहले विनय कटियार, ओम प्रकाश सिंह और स्वतंत्रदेव सिंह इस बिरादरी से प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।

प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में पंकज चौधरी का नाम शुरुआत में चर्चा में जरूर आया था, लेकिन यह कहते हुए खारिज किया जा रहा था कि मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष एक ही क्षेत्र से नहीं हो सकते। हालांकि शुक्रवार को उनके नाम ने तेजी पकड़ी और शनिवार को नामांकन के साथ ही तस्वीर साफ हो गई। भाजपा के संगठनात्मक चुनावों के इतिहास में लक्ष्मीकांत बाजपेयी के बाद यह पहला अवसर है जब प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया अपनाई गई।

पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के साथ ही प्रदेश की राजनीति में पूर्वांचल, खासकर गोरखपुर का कद और बढ़ गया है। एक ओर जहां योगी आदित्यनाथ के हाथ में प्रदेश की सरकार की कमान है, वहीं अब भाजपा संगठन की कमान भी गोरखपुर से जुड़े नेता पंकज चौधरी के हाथों में आ गई है। इससे गोरखपुर भाजपा की सियासत में सत्ता के मजबूत केंद्र के रूप में उभरकर सामने आया है।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!