पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन, शोभायात्रा में उमड़ा जनसागर


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। छह दिवसीय पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के तृतीय दिवस पर काशी नगरी में प्रभु के जन्म कल्याणक महोत्सव का आयोजन अत्यंत भव्यता, श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। इस दौरान भव्य शोभायात्रा निकाली गयी, जिसका जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्वागत किया, शोभायात्रा में हैलीकाप्टर से पुष्प वर्षा की गयी। शोभायात्रा से नगर का वातावरण पूरी तरह से भक्तिमय हो गया। रेलवे कालोनी के मैदान पर आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनिवर प्रणम्य सागर महाराज ने तीर्थंकर जन्माभिषेक के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तीर्थंकर शिशु के जन्म के क्षण सौधर्म इन्द्र सहित समस्त देवों में उल्लास व्याप्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि सुमेरु पर्वत पर स्वर्णमयी पाण्डुकशिला पर क्षीरसागर के पवित्र जल से होने वाला जन्माभिषेक तीनों लोकों में शांति और मंगल का प्रतीक है। महाराजश्री ने सहारनपुर की भक्ति, सेवा और धार्मिकता की प्रशंसा करते हुए कहा सहारनपुर की यह भूमि संस्कृति और विद्वता की धरा रही है। यहाँ की विनयशीलता और समर्पित भक्ति देखकर अत्यंत आनंद और गर्व की अनुभूति होती है। मांगलिक अवसर पर नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि जैन समाज अहिंसा और जीवदया का प्रतीक है और समाज की तपस्या व अनुशासन प्रेरणादायी है। एसपी (देहात) सागर जैन ने कहा कि अपने सेवाकाल में सहारनपुर में यह दूसरा पंचकल्याणक महोत्सव है जिसमें सेवा देना उनके लिए सौभाग्य की बात है। सीडीओ सुमित महाजन ने कहा कि विश्व में शांति केवल महावीर स्वामी के सत्य, अहिंसा और करुणा के सिद्धांतों से ही संभव है। धर्मसभा को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुणाल जैन तथा पूर्व मेयर संजीव वालिया ने भी संबोधित किया। काशी नगरी से निकली शोभायात्रा में 30 बग्गियां, 7 बैंड, तीन हाथी (जिन पर सौधर्म इन्द्र, कुबेर एवं महायज्ञनायक विराजमान थे), पांच परिरथ और नासिक का विशेष बैंड शामिल रहा। शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई आशा मॉडर्न विद्यालय पहुंची, जहाँ पाण्डुकशिला पर सौधर्म इन्द्र द्वारा जन्माभिषेक सम्पन्न हुआ। मुख्य संयोजक भव्य-जैन एवं रुपाली जैन, अध्यक्ष राजेश जैन, राकेश जैन, सीए तान्या जैन, उमा जैन, मुकेश जैन (ठेकेदार) एवं अर्नव जैन द्वारा हेलीकॉप्टर से रत्नों की वर्षा कर कार्यक्रम को अद्वितीय और अविस्मरणीय बना दिया। जैन समाज के अध्यक्ष राजेश जैन, मुख्य संयोजक राकेश जैन एवं भव्य जैन ने कहा कि यह आयोजन सभी श्रद्धालुओं की भावना, परिश्रम और सेवा का परिणाम है। जो भी इस महोत्सव में सम्मिलित हो रहा है वह असीम पुण्य लाभ प्राप्त कर अपने मानव जीवन को सार्थक कर रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेश जैन, राकेश जैन, भव्य जैन, मुकेश जैन, विशाल-सुदीप जैन, सीए अनिल जैन, प्रो. ए.के. जैन, सुशील जैन, प्रवीण जैन, राजीव जैन, पार्षद गौरव जैन, अनुज जैन, पूर्व पार्षद मानसिंह जैन, चैधरी संदीप जैन, चैधरी अनुज जैन, प्रदीप किशोर जैन, प्रवीण जैन (प्रॉपर्टी डीलर), नीना जैन, मनीष जैन, विनय जैन, अरुण जैन, आशीष जैन, राजा जैन तथा पंचान समिति के सदस्यों सहित पूरे जैन समाज का योगदान महत्वपूर्ण रहा।







