रामदूत कॉलेज में 100 कुंडीय यज्ञ व श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। अखिल भारतवर्षीय धर्मसंघ व स्वामी करपात्री फाउंडेशन के तत्वावधान में रामदूत कॉलेज, ग्राम रणदेवी में आयोजित 100 कुंडीय प्रण्यत्न यज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। परम पूज्य स्वामी समर्थश्री ब्रह्मानंद सरस्वतीजी महाराज के पावन श्रीमुख से रसपूर्ण कथा व यज्ञ की वैदिक महिमा ने पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण निर्मित कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक ब्लॉक प्रमुख सुभाष चौधरी ने बताया कि यह आयोजन क्षेत्र के सांस्कृतिक व आध्यात्मिक उत्थान के लिए समर्पित है। फायरब्रांड हिन्दू नेता ठाकुर संगीत सोम ने कार्यक्रम में पहुँचकर कहा कि ऐसे भव्य आयोजनों से हिन्दू संस्कृति को नई ऊर्जा मिलती है और समाज में धार्मिक चेतना बढ़ती है। उन्होंने आयोजक परिवार को बधाई दी।
प्रख्यात योग गुरु भारत भूषण ने यज्ञ की वैदिक परम्परा को भारत की पहचान बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज और राष्ट्र दोनों को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं। आचार्य गुण प्रकाश चैतन्य महाराज ने श्रद्धालुओं के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंच पर आयोजक चौधरी हरिपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख सुभाष चौधरी, मयंक चौधरी, हर्ष चौधरी सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।







