मिशन शक्ति के तहत सहारनपुर पुलिस ने दिखाई तत्परता, शाकुंभरी देवी जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप गाड़ी खराब होने पर की मदद

शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने वाली सहारनपुर पुलिस ने एक बार फिर संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया।
दिनांक 25/26 सितम्बर 2025 की रात लगभग 11:45 बजे राधिका पुत्री रामनिवास निवासी लिलोन जिला शामली ने 112 पर कॉल कर सूचना दी कि वह अपने परिवारजनों के साथ सहारनपुर स्थित मां शाकुंभरी देवी के दर्शन हेतु जा रही थीं। श्रद्धालुओं की पिकअप गाड़ी अचानक रास्ते में खराब हो गई, जिसमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे सवार थे।
सूचना मिलते ही महज पांच मिनट में पीआरवी 5989 मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने पहले मैकेनिक बुलाकर गाड़ी ठीक कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता न मिलने पर तत्काल दूसरी गाड़ी की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित उनके गंतव्य स्थान शाकुंभरी देवी मंदिर के लिए रवाना किया।
पुलिस की इस त्वरित सहायता पर कॉलर राधिका ने सहारनपुर पुलिस की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।



















