उत्तर प्रदेश

बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग, गोल्डी बरार गैंग ने ली जिम्मेदारी, अलर्ट पर पुलिस

 

बरेली। बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर के बाहर शुक्रवार तड़के बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर सनसनी फैला दी। घटना करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। इस दौरान बदमाश दो राउंड फायर कर मौके से फरार हो गए। हमलावरों की हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर की दीवार पर गोलियों के निशान देखे। घटना के समय घर के भीतर दिशा पाटनी के पिता व रिटायर्ड सीओ जगदीश चंद्र पाटनी, उनकी पत्नी और रिटायर्ड मेजर बेटी खुशबू पाटनी मौजूद थे। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ।

पुलिस ने गठित की पांच टीमें

एसएसपी अनुराग आर्य ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए एसपी सिटी और एसपी क्राइम के नेतृत्व में पांच टीमें बनाई गई हैं। इनमें सर्विलांस और एसओजी की टीमें भी शामिल हैं। घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आरोपियों की तलाश तेजी से की जा रही है।

गोल्डी बरार गैंग ने ली जिम्मेदारी

घटना के कुछ ही समय बाद गोल्डी बरार गैंग से जुड़े रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पोस्ट कर हमले की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में लिखा गया कि यह फायरिंग खुशबू पाटनी और दिशा पाटनी द्वारा कथित तौर पर संतों और सनातन धर्म का अपमान करने की वजह से की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में भी अगर किसी ने धर्म और संतों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

पुलिस अलर्ट पर, सुरक्षा कड़ी

फायरिंग की इस वारदात से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है। पुलिस लगातार परिवार और आसपास के इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है।

 

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button