नेपाल में फंसे भारतीयों की मदद को सक्रिय हुआ यूपी पुलिस मुख्यालय
24 घंटे में आईं 23 से अधिक कॉल, सोशल मीडिया टीम भी जुटी राहत कार्य में

लखनऊ ।नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की मदद के लिए यूपी पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर पर लगातार फोन आ रहे हैं। बीते 24 घंटे के भीतर विशेष कंट्रोल रूम में 23 से ज्यादा कॉल्स प्राप्त हुईं। वहीं पुलिस मुख्यालय की सोशल मीडिया टीम भी नेपाल में फंसे भारतीयों की गुहार वाली पोस्टों का संज्ञान लेकर कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार, बदायूं के 23 लोगों और वॉलीबाल लीग में शामिल होने गई एक महिला की पोस्ट पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके अलावा महाराष्ट्र के कई नागरिकों ने भी मदद मांगी है। फिलहाल अधिकतर लोग नेपाल के अलग-अलग जिलों में होटलों में शरण लिए हुए हैं।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि नेपाल में स्थिति सामान्य नहीं है। गृह मंत्रालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद सीमावर्ती जिलों की पुलिस को एसएसबी के साथ मिलकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। नेपाल सेना और पुलिस से भी समन्वय किया गया है। सीमावर्ती थानों व चौकियों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। अभी केवल वैध दस्तावेज वाले और गंभीर रूप से बीमार लोगों को ही सीमा पार करने की अनुमति दी जा रही है।