पश्चिमी व्यापारी एकता व्यापार मंडल ने किया प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. अनुपम मलिक का सम्मान


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। पश्चिमी व्यापारी एकता व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष हरपाल सिंह वर्मा के नेतृत्व में सहारनपुर के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. अनुपम मलिक के क्लीनिक पर पहुंचा और उनका भव्य सम्मान किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने डॉ. अनुपम को स्मृतिचिन्ह भेंट किया, वहीं अन्य पदाधिकारियों ने उन्हें शॉल, माला और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके पिता, विख्यात चिकित्सक डॉ. भीम सैन मलिक को भी इसी प्रकार शॉल, माला और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष हरपाल सिंह वर्मा ने कहा कि “डॉ. अनुपम का योगदान चिकित्सकीय क्षेत्र में अतुलनीय है। वह अपने पिता की तरह ही सहृदय हैं और अपनी मेहनत व लगन से सहारनपुर व आसपास के जिलों में एक विशेष पहचान बनाई है।” उन्होंने सहारनपुरवासियों को उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा प्रदान करने के लिए डॉ. अनुपम का आभार व्यक्त किया।
भावुक होते हुए डॉ. अनुपम मलिक ने कहा कि वे स्वयं को आज अभिभूत महसूस कर रहे हैं। उन्होंने व्यापार मंडल का आभार जताते हुए इसे व्यापारियों के लिए समर्पित संस्था बताया और इसके और अधिक फलने-फूलने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उनकी ख्याति उनके ईश्वर तुल्य पिता के आशीर्वाद का ही परिणाम है। इस मौके पर डॉ. भीम सैन मलिक ने सभी को अपना स्नेहाशीष दिया।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव अनुज गुप्ता, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष भारती भानु एडवोकेट, प्रदेश उपाध्यक्ष अजमत अली, हाजी शमशेर, विजेंद्र गुप्ता, नगराध्यक्ष सनी विजय मल्होत्रा, नगर महासचिव रोहित अग्रवाल, सुशील कांबोज सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।



















