लखनऊ: मंत्री ओपी राजभर के बयान पर बवाल, एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने किया पुतला दहन
राजभर के आवास के बाहर प्रदर्शन, सड़क जाम; सुभासपा महासचिव अरुण राजभर ने प्रतिक्रिया दी

लखनऊ। कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के बयान से नाराज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं ने बुधवार देर रात राजधानी लखनऊ में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पार्क रोड स्थित विधायक निवास के सामने राजभर का पुतला फूंका और सड़क पर जाम लगा दिया। इस दौरान काफी देर तक “ओमप्रकाश राजभर मुर्दाबाद” के नारे गूंजते रहे।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि एक संवैधानिक पद पर बैठे मंत्री ने देश के सबसे बड़े छात्र संगठन के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की है, जो उनकी ओछी मानसिकता को दर्शाता है। पदाधिकारियों ने मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की है।विरोध प्रदर्शन में विकास तिवारी, जतिन शुक्ला, अमन दुबे, शिवम सिंह समेत बड़ी संख्या में एबीवीपी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
अरुण राजभर ने दी प्रतिक्रिया
सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर ने एक वीडियो जारी कर प्रदर्शन पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा, “मंत्री जी के आवास पर कुछ अराजक तत्वों ने पथराव और गाली-गलौज की। यह आचरण ठीक नहीं है। अतिपिछड़े वर्ग के नेता के साथ ऐसा व्यवहार गुंडागर्दी है। प्रशासन को ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।”अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मंत्री ओपी राजभर एबीवीपी की मांग पर क्या रुख अपनाते हैं।