स्मार्ट सिटी से लेकर विश्वविद्यालय तक—भ्रष्टाचार और बदइंतजामी पर कांग्रेस का हमला

शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा और महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी ने जिला कार्यालय पर प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। नेताओं ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और सहारनपुर के नागरिकों को स्मार्ट सिटी के नाम पर लूटा जा रहा है।
जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश में बलात्कार और हत्याएं आम हो चुकी हैं, जबकि सरकार अपराध रोकने में विफल है। नगर निगमों में जीआई सर्वे कराकर बेहिसाब टैक्स तो वसूला जा रहा है, लेकिन सफाई और मूलभूत सुविधाओं पर कोई ध्यान नहीं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि पूरे शहर में आवारा कुत्तों का साम्राज्य है, मानो सहारनपुर “श्वान अभ्यारण्य” बन गया हो।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बिजली दरें बढ़ा रही है लेकिन निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर कोई ध्यान नहीं। किसानों की हालत का जिक्र करते हुए कहा कि बिडवी शुगर मिल में किसान महीनों से धरने पर बैठे हैं, जबकि खाद आपूर्ति की किल्लत ने उन्हें बदहाली में पहुंचा दिया है। राणा ने शाकंभरी विश्वविद्यालय परिसर में जलभराव को भ्रष्टाचार और निर्माण की खामियों का जीता-जागता उदाहरण बताया।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी ने कहा कि रामपुर मनिहारान और सरसावा क्षेत्र में दलित की हत्या, जनपद की बिगड़ी कानून व्यवस्था का प्रत्यक्ष उदाहरण है। उन्होंने जीआई सर्वे के बाद नागरिकों पर थोपे गए टैक्स को सरकारी लूट बताया।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि जनता अब भाजपा सरकार के जुमलों से ऊब चुकी है और आने वाले समय में उन्हें सबक सिखाएगी। प्रेस वार्ता में पूर्व प्रदेश सचिव अशोक सैनी, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, संगठन प्रभारी व उपाध्यक्ष नितिन शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सोनू पठान, वरिष्ठ महानगर उपाध्यक्ष अमरदीप जैन, जिला कार्यालय प्रभारी नसीब खान, प्रभजीत सिंह, सागर राणा समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे ।