बसपा में बड़ा फेरबदल : मायावती ने आकाश आनंद को बनाया राष्ट्रीय संयोजक
प्रदेश अध्यक्षों की भी घोषणा, विश्वनाथ पाल को फिर मिली यूपी की कमान

शहरी चौपाल ब्यूरो
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने गुरुवार को संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए अपने भतीजे आकाश आनंद को प्रमोशन देकर राष्ट्रीय संयोजक बना दिया है। अभी तक वे राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। यह पद पार्टी में राष्ट्रीय अध्यक्ष के बाद सबसे अहम माना जाता है।
नए बदलाव के तहत अब चार की जगह छह राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए गए हैं। इनमें रामजी गौतम, राजाराम, रणधीर सिंह बेनीवाल, लालजी मेधांकर, अतर सिंह राव और धर्मवीर सिंह अशोक शामिल हैं। ये सभी संयोजक आकाश आनंद को रिपोर्ट करेंगे।
संगठनात्मक फेरबदल में कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष भी बदले गए हैं। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर विश्वनाथ पाल को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। दिल्ली में राजेश तंवर, मध्य प्रदेश में रमाकांत पिप्पल, छत्तीसगढ़ में श्याम टंडन, बिहार में शंकर महतो और महाराष्ट्र में डॉ. सुनील डोंगरे को अध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अलावा कर्नाटक में एम. कृष्णा मूर्ति, तमिलनाडु में पी. आनंद, केरल में ज्वाय आर. थॉमस, हरियाणा में कृष्ण जमालपुर, पंजाब में अवतार सिंह करीमपुरी, राजस्थान में प्रेम बारुपाल, झारखंड में शिव पूजन मेहता, पश्चिम बंगाल में मनोज हवलदार, उड़ीसा में सरोज कुमार नायक, आंध्र प्रदेश में बंदेला गौतम, तेलंगाना में इब्राम शेखर, गुजरात में भगूभाई परमार, हिमाचल प्रदेश में विक्रम सिंह नायर, जम्मू-कश्मीर में दर्शन राणा, चंडीगढ़ में बृजपाल और उत्तराखंड में अमरजीत सिंह को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
नई जिम्मेदारी के तहत आकाश आनंद राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती की देखरेख में पूरे देश के सेक्टर, केंद्रीय और प्रदेश कोऑर्डिनेटरों के कामकाज की समीक्षा करेंगे और सीधे मायावती को रिपोर्ट करेंगे।