रालोद ने प्रियंका चौधरी अत्री को बनाया मेरठ मंडल का सदस्यता प्रभारी

लखनऊ। राष्ट्रीय लोक दल ने संगठन को और मज़बूती देने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए अधिवक्ता और बार एसोसिएशन की पूर्व कोषाध्यक्ष प्रियंका चौधरी अत्री को मेरठ मंडल का सदस्यता प्रभारी नियुक्त किया है। यह नियुक्ति रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देश तथा राष्ट्रीय महासचिव संगठन त्रिलोक त्यागी और प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय की अनुशंसा पर की गई है।
प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम आदित्य सिंह ने नियुक्ति पत्र जारी करते हुए भरोसा जताया कि प्रियंका चौधरी अपने दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगी। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह और चौधरी अजित सिंह की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाते हुए संगठन को सशक्त बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
प्रियंका चौधरी इससे पहले रालोद महिला प्रकोष्ठ गौतमबुद्ध नगर की जिला अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। पार्टी की गतिविधियों में उनकी सक्रियता, जनसंपर्क की समझ और संगठनात्मक कौशल को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लोकसभा हो या विधानसभा चुनाव, प्रियंका चौधरी ने हमेशा सक्रियता से पार्टी के लिए डोर-टू-डोर प्रचार किया है और अपनी निष्ठा तथा ईमानदारी से संगठन को मजबूती दी है। रालोद को उम्मीद है कि उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से मेरठ मंडल में सदस्यता अभियान को नई दिशा मिलेगी।