आईएएस आंजनेय कुमार सिंह की प्रतिनियुक्ति एक वर्ष के लिए बढ़ी
अब अगस्त 2026 तक रहेंगे उत्तर प्रदेश में तैनात


शहरी चौपाल ब्यूरो
लखनऊ। केंद्र सरकार ने वर्ष 2005 बैच के सिक्किम काडर के आईएएस अधिकारी आंजनेय कुमार सिंह की उत्तर प्रदेश में प्रतिनियुक्ति अवधि एक वर्ष और बढ़ा दी है। अब वह अगस्त 2026 तक प्रदेश में सेवाएं देंगे। हालांकि सोमवार रात तक नियुक्ति विभाग को इस संबंध में केंद्र से आधिकारिक आदेश प्राप्त नहीं हुआ था।
आंजनेय कुमार सिंह वर्ष 2015 में उत्तर प्रदेश प्रतिनियुक्ति पर आए थे और यह उनकी सातवीं बार प्रतिनियुक्ति अवधि वृद्धि है। प्रदेश में तैनाती के दौरान वे बुलंदशहर, फतेहपुर और रामपुर के जिलाधिकारी रह चुके हैं। मार्च 2021 में उन्हें मुरादाबाद का मंडलायुक्त बनाया गया था। उनकी प्रतिनियुक्ति 14 अगस्त को समाप्त हो गई थी, जिसके बाद वे 60 दिन के अवकाश पर चले गए और प्रभार मुरादाबाद के डीएम को सौंप दिया।
रामपुर में जिलाधिकारी रहते हुए आंजनेय कुमार सिंह सबसे अधिक चर्चा में आए थे। फरवरी 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने सपा नेता आजम खां के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन की कार्रवाई की थी। इस दौरान आजम खां की विवादित टिप्पणियां भी सुर्खियों में रही थीं और आंजनेय ने उनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज कराए थे।



















