उत्तर प्रदेशसहारनपुर

विश्व हिंदू परिषद ने सहारनपुर में मनाया 61वां स्थापना दिवस

प्रांत संगठन मंत्री अरुण जी बोले, हिंदू समाज को संगठित होकर चुनौतियों का करना होगा सामना

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। विश्व हिंदू परिषद का 61वां स्थापना दिवस रविवार को श्री हरि मंदिर, आवास विकास कॉलोनी में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभु श्रीराम और मां भारती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण से हुआ। इस अवसर पर भक्ति गीत और राष्ट्रगीत प्रस्तुत कर माहौल को भावपूर्ण बना दिया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मेरठ प्रांत संगठन मंत्री अरुण जी ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद की स्थापना 29 अगस्त 1964 को जन्माष्टमी के दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्कालीन सरसंघचालक माधव सदाशिव गोलवलकर जी के मार्गदर्शन में मुंबई के संदीपनी आश्रम में स्वामी चिन्मयानंद, मास्टर तारा सिंह और एम.एस. आप्टे सहित अन्य संत-विद्वानों द्वारा की गई थी। इसका उद्देश्य विश्वभर के हिंदुओं को जागृत कर संगठित करना, सेवा और सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा है।
उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण, रामसेतु की रक्षा, अमरनाथ यात्रा को नियमित जारी रखने जैसे कई ऐतिहासिक कार्य विहिप द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न कराए गए हैं। आज भी संगठन लव जिहाद, धर्मांतरण, गौहत्या, भूमि जिहाद और जनसंख्या जिहाद जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है। बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी के कार्यकर्ता इन सबके खिलाफ निरंतर संघर्षरत हैं। उन्होंने हिंदू समाज से जाति-भेदभाव छोड़कर एकजुट होने और समाजहित में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लघु उद्योग भारती के मेरठ संभाग मंत्री अनुपम गुप्ता ने की, जबकि संचालन विहिप महानगर मंत्री रवीश कंबोज ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अरुण जी का अंगवस्त्र और धार्मिक चित्र भेंटकर सम्मान किया गया।
विशिष्ट अतिथियों में रविन्द्र लांबा (प्रांत उपाध्यक्ष), शिवकुमार गौड़ (प्रांत सह विशेष संपर्क प्रमुख), रमेशचंद शर्मा (प्रांत संपर्क विभाग टोली सदस्य), हरीश कौशिक (प्रांत बलोपासना प्रमुख), प्रीत बहादुर (विभाग संगठन मंत्री), आशीष रॉड (विभाग मंत्री), प्रवीण बंसल (महानगर अध्यक्ष), रवीश कंबोज (महानगर मंत्री) सहित डॉ. संदीप सैनी, अरुण शर्मा, ललित शर्मा, शानू, शक्ति, मानू, शुभम, मनोज, चिराग और अनुपम महाजन प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button