महर्षि कश्यप पुस्तकालय के स्थापना दिवस पर मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
नगर विधायक राजीव गुंबर ने विद्यार्थियों को प्रदान किए स्मृति चिन्ह

सहारनपुर। सड़क दूधली में महर्षि कश्यप पुस्तकालय के द्वितीय स्थापना दिवस पर नारी शक्ति एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में प्रतिष्ठित महिला पुरुषों व समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। रविवार को नुमाइश कैंप स्थित नवयुग पार्क में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम विकास अधिकारी रविन्द्र कश्यप व विनय कश्यप ने महर्षि कश्यप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। पुस्तकालय टीम की ओर से अतिथियों का पटका पहना व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। नगर विधायक राजीव गुंबर ने मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मेधावी बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए उनका सम्मान जरूरी है। महर्षि कश्यप पुस्तकालय अध्यक्ष अर्चना कश्यप ने कहा कि शिक्षा के बल पर ही युवा पीढ़ी देश के विकास में योगदान दे सकती है। अध्यक्षता करते हुए लक्ष्मण दास कश्यप ने कहा कि बच्चे उच्च शिक्षा हासिल कर देश की तरक्की में भागीदार बनें। संचालन अनिल कश्यप ने किया। पुस्तकालय टीम की अध्यक्ष अर्चना कश्यप, सुशील कश्यप, शीशपाल कश्यप, राजीव कश्यप, मनीष कश्यप, दीपक कश्यप आदि रहे।