ऑल इंडिया गार्ड काउंसिल के 61वें स्थापना दिवस पर ट्रेन मैनेजर एवं सेवानिवृत्त गार्ड सम्मानित


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। ऑल इंडिया गार्ड काउंसिल अंबाला मंडल द्वारा परिषद के 61वें स्थापना दिवस पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया जिसमें ट्रेन मैनेजरों एवं सेवानिवृत्त गार्डों को सम्मानित किया गया। खलासी लाईन स्थित रेलवे इंस्टीट्यूट पर आयोजन किया गया। इस अवसर पर रेलवे के ट्रेन मैनेजरों एवं सेवानिवृत्त गार्डों को उनके उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण एवं रेल संचालन में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में ट्रेन मैनेजर धर्मवीर, अमीर आलम, योगेश कुमार, विशूदीप, अर्जुन शेरावत, उत्सव सेठ, ए.के. सिंह, एम.के.जैन, राजू एवं सोमचंद को उनकी ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट कार्य निष्पादन, जिम्मेदारीपूर्ण सेवा एवं रेलवे के सुरक्षित एवं सुचारू संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने हेतु सम्मानित किया गया। साथ ही रेलवे सेवा से सेवानिवृत्त हो चुके कश्मीरी लाल, कृष्ण लाल दुआ, अरुण शर्मा, मनजीत सिंह काला, बाबू राम, सुनील गिलहौत्रा एवं बाबू लाल सूर्या’ को भी उनके दीर्घकालीन समर्पित सेवाकाल, अनुकरणीय कार्यशैली एवं रेलवे के प्रति उनकी निष्ठा के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह में वरिष्ठ स्टेशन अधीक्षक अनिल त्यागी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर संजय कुमार एवं एरिया ऑफिसर अनिल कुमार ने सभी सम्मानित ’ट्रेन मैनेजरों एवं सेवानिवृत्त गार्डों’ को ’प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए उन्हें मेडल पहनाकर’ सम्मानित किया। वरिष्ठ स्टेशन अधीक्षक अनिल त्यागी ने कहा कि रेलवे की सुरक्षित एवं सफल संचालन व्यवस्था में ट्रेन मैनेजरों एवं गार्डों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उनका समर्पण, सतर्कता एवं कर्तव्यपरायणता ही यात्रियों की सुरक्षा एवं विश्वास की आधारशिला है। इस अवसर पर ट्रेन मैनेजर धर्मवीर ने सम्मान प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण एवं अविस्मरणीय क्षण बताया। इस अवसर पर ट्रेन मैनेजर एवं सेवानिवृत्त गार्डों सहित रेल कर्मचारी भी मौजूद रहें


















