सहारनपुर

सात वार्डो में पांच हजार से ज्यादा कुत्तों को लगी वैक्सीन

महानगर में नगर निगम द्वारा चलाया जा रहा एंटी रेबीज वैक्सीनेशन अभियान

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। नगर निगम के पशु कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय रेबीज नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत महानगर में चलाये जा रहे एंटी रेबीज वैक्सीनेशन अभियान को प्रथम चरण में जबरदस्त सफलता मिली है। अभियान के अंतर्गत शुरुआती 30 दिनों में शहर के 7 प्रमुख वार्डों को कवर करते हुए 5 हजार 347 कुत्तों को एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई जा चुकी है। अभियान की शुरुआत गत 9 जनवरी को महापौर डॉ. अजय कुमार और नगरायुक्त शिपू गिरि द्वारा वार्ड 40 से की गयी थी। निगम के पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा ने बताया कि भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय रेबीज नियत्रंण कार्यक्रम चलाया जा रहा है जिसका उद्देश्य 2030 तक भारत को रेबीज मुक्त बनाना और रेेबीज के कारण कुत्तों से होने वाली मौतों को शून्य पर लाना है। उन्होंने बताया कि सहारनपुर प्रदेश का पहला महानगर है जहां राष्ट्रीय रेबीज नियत्रंण कार्यक्रम के अंतर्गत एंटी रेबीज वैक्सीनेशन की शुरुआत पांच टीमों के साथ युद्ध स्तर पर की गयी है। डॉ. मिश्रा ने बताया कि महापौर डॉ. अजय कुमार व नगरायुक्त शिपू गिरि के दिशा निर्देशन में 9 जनवरी से महानगर में शुरु किये गए एंटी रेबीज वैक्सीनेशन अभियान के अंतर्गत शुरुआती 30 दिन के भीतर वार्ड संख्या 40, 23, 24, 28, 32, 07 और 12 में टीकाकरण का कार्य पूर्ण करते हुए 5 हजार 347 कुत्तों को एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि पहचान के लिए वैक्सीनेशन के बाद कुत्तों को विष रहित कलर मार्क लगाकर छोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान की अपार सफलता को देखते हुए उम्मीद है कि तय समय सीमा के अंतर्गत नगर निगम अपना लक्ष्य पूरा कर लेगा। सहारनपुर के सभी 70 वार्डों को 300 दिनों के भीतर कवर करने का लक्ष्य रखा गया है। नगर निगम द्वारा अब तक लगभग 25 हजार 134 कुत्तों की नसबंदी भी की गयी है। नसबंदी के दौरान कुत्तों में एंटी रेबीज वैकसीनेशन भी किया जाता है। उन्होंने बताया कि जिन कुत्तों में नसंबंदी के दौरान वैक्सीनेशन किया गया था उन्हें भी बूस्टर डोज दिया जा रहा है। डा. मिश्रा ने बताया कि वैक्सीनेशन कार्य संबंधित वार्ड के पार्षद के सहयोग से वार्ड-वार चलाया जा रहा है। उन्होंने नगर निगम की ओर से सभी शहरवासियों से अपील की है कि वे पशु कल्याण टीमों का सहयोग करें ताकि सहारनपुर को सुरक्षित और प्रदेश का पहला रेबीज मुक्त शहर बनाया जा सकें।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!