महाशिवरात्रि पर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, परिक्षेत्र में विशेष सतर्कता
डीआईजी अभिषेक सिंह ने प्रेस वार्ता में दी तैयारियों की विस्तृत जानकारी


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। आगामी महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह ने प्रेस प्रतिनिधियों को जानकारी देते हुए बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु समुचित पुलिस प्रबंध किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि परिक्षेत्र के अंतर्गत जनपद सहारनपुर, मुजफ्फरनगर एवं शामली के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख मंदिरों, शिवालयों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों एवं जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस बल की भी नियुक्ति की गई है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है तथा निरंतर गश्त के निर्देश दिए गए हैं।
डीआईजी ने बताया कि भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलग-अलग ड्यूटी प्लान तैयार किए गए हैं। महाशिवरात्रि के दौरान लगने वाले कांवड़ शिविरों के आयोजकों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जा सकें।
इसके अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। कंट्रोल रूम को सक्रिय कर त्वरित सूचना आदान-प्रदान की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी सहयोग की अपील की है, ताकि पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।











