स्मार्ट सिटी में अतिक्रमण का संकट: रायवाला चौक पर रेडी वालों का कब्जा, जाम से लोग परेशान


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। स्मार्ट सिटी का दर्जा मिलने के बावजूद शहर के प्रमुख बाजारों में अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। ताजा मामला रायवाला चौक का है, जहां लाखों रुपये की लागत से बनाए गए चौक के चारों ओर रेडी-ठेला संचालकों ने कब्जा जमा लिया है। स्थिति यह है कि आए दिन जाम लग रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
♦
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौक के चारों ओर इस तरह रेडियां खड़ी कर दी गई हैं कि वाहन चालकों और राहगीरों को निकलने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। कई बार चेतावनी के बावजूद रेडी संचालक न तो आगे हटते हैं और न पीछे, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
क्षेत्रवासियों का सवाल है कि आखिर इन रेडी वालों को चौक के चारों ओर स्थान किसने दिया? क्या नगर निगम ने इन्हें लीज पर जगह आवंटित की है या फिर पुलिस की शह पर यह अतिक्रमण हो रहा है? चौक से महज 20 कदम की दूरी पर थाना मंडी स्थित है, इसके बावजूद अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई न होना कई सवाल खड़े करता है।
बताया जाता है कि महापौर भी कई बार इस मार्ग से गुजर चुके हैं, लेकिन चौक के आसपास हो रहे कब्जे की ओर ध्यान नहीं गया। लोगों का कहना है कि यदि नगर निगम ने किसी प्रकार की अनुमति दी है तो जाम की समस्या से निजात दिलाना भी उसकी जिम्मेदारी बनती है।
क्षेत्रवासियों ने नगर आयुक्त व महापौर से मांग की है कि रायवाला चौक को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि स्मार्ट सिटी की छवि पर लग रहे दाग को हटाया जा सके तथा आमजन को जाम की समस्या से राहत मिल सके।











