फरवरी में टीबी व कैंसर से बचाव को लगेंगे 100 निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। राज्य मुख्यालय के निर्देशानुसार एवं प्रवीण कुमार मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सहारनपुर के निर्देशन में माह फरवरी 2026 में जनपद व ब्लॉक स्तर पर टीबी और कैंसर से बचाव एवं उपचार के लिए 100 निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का उद्देश्य आमजन को जागरूक करने के साथ-साथ टीबी व कैंसर रोगियों की पहचान कर समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रत्येक स्वास्थ्य शिविर के लिए ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य टीमों का गठन कर दिया गया है। शिविरों में टीबी एवं कैंसर से संबंधित जांच, स्क्रीनिंग और आवश्यक परामर्श दिया जाएगा। माह के अंत में सभी शिविरों की संकलित रिपोर्ट राज्य मुख्यालय को प्रेषित की जाएगी।
नोडल अधिकारी एनसीडी सहारनपुर शिवांका गौड ने जानकारी दी कि शिविरों में जनमानस को जागरूक करने के साथ-साथ रोगियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। स्क्रीनिंग रिपोर्ट के आधार पर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जनपद व ब्लॉक स्तर पर आयोजित सभी स्वास्थ्य शिविरों का निरीक्षण जनपदीय स्वास्थ्य टीम द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कैंसर से बचाव के लिए स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार और नियमित जांच सबसे प्रभावी उपाय हैं। तंबाकू और शराब से परहेज, रोजाना कम से कम 30 मिनट व्यायाम, स्वस्थ वजन बनाए रखना, फल-सब्जियों का सेवन और सूर्य की हानिकारक किरणों से बचाव कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम कर सकता है।
उन्होंने बताया कि टीबी एक संक्रामक रोग है, जो हवा के जरिए फैलता है। एक संक्रमित व्यक्ति से दूसरे में संक्रमण फैलने में कुछ सप्ताह से लेकर वर्ष भी लग सकते हैं, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता पर निर्भर करता है। आमतौर पर सक्रिय टीबी के मरीज इलाज शुरू करने के लगभग दो सप्ताह बाद संक्रामक नहीं रहते हैं।
कैंसर से बचाव के प्रमुख उपाय धूम्रपान व तंबाकू से पूर्ण परहेज, हरी सब्जियां व फल युक्त संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, वजन नियंत्रण, शराब से दूरी, हेपेटाइटिस-बी व एचपीवी का टीकाकरण, तेज धूप से बचाव, हानिकारक रसायनों से दूरी और समय-समय पर स्क्रीनिंग जांच कराना आवश्यक है।
टीबी से बचाव के उपाय खांसते या छींकते समय मुंह-नाक ढकें, मास्क का प्रयोग करें, खुले में थूकने से बचें, बिना चिकित्सकीय सलाह दवा न लें और टीबी के लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं।
टीबी के प्रमुख लक्षण दो से तीन सप्ताह से अधिक खांसी, खांसी में खून आना, शाम को बुखार बढ़ना, रात में पसीना, वजन घटना, भूख कम लगना, कमजोरी व थकान शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि फरवरी माह में लगने वाले इन स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और टीबी व कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक











