चाइनीज़ मांझे का खौफनाक रूप, दो दिन से उलझी चील की जान बची
पार्षद मंसूर बदर की पहल पर निगम की टीम ने देर रात चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज़ मांझे का खतरनाक रूप एक बार फिर सामने आया है। आनंद नगर पार्क में ऊंचे पेड़ पर चाइनीज़ मांझे में उलझी चील की जान जाते-जाते बच गई। बताया गया कि चील पिछले दो दिनों से पेड़ पर उल्टी लटकी हुई थी और उसी पेड़ पर उसका घोंसला भी था, जिसमें उसके बच्चे मौजूद थे। समय रहते रेस्क्यू न होने पर बेजुबान पक्षी की जान को गंभीर खतरा बना हुआ था।
देर रात पार्षद एवं कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर के पास फोन आया, जिसमें उन्हें इस गंभीर स्थिति की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पार्षद मंसूर बदर ने तत्काल मेयर, नगर आयुक्त शिपू गिरि तथा सहायक नगर आयुक्त एवं उद्यान प्रभारी जय प्रकाश को फोन कर पूरे मामले से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम ने रात में ही त्वरित कार्रवाई करते हुए उद्यान विभाग की टीम को मौके पर भेजा।
नगर निगम की लिफ्ट लगी गाड़ी से उद्यान विभाग की टीम, हेड माली शकील के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ पर फंसी चील को सुरक्षित नीचे उतारा गया। चील को चाइनीज़ मांझे से अलग किया गया, जिसमें उसके पंख भी कट गए थे। टीम द्वारा तत्काल हल्दी और दवाई लगाकर प्राथमिक उपचार किया गया तथा उसे पानी पिलाया गया, जिससे बेजुबान पक्षी की जान बच सकी।
इस मानवीय कार्य से क्षेत्र में सराहना का माहौल रहा। मोहल्ले के प्रदीप जैन, नासिर खान, अमान खान, मसरूर बदर, मारूफ बदर, शायान बदर, कमाल मलिक और दानिश कमाल सहित अन्य लोगों ने नगर निगम की टीम और पार्षद मंसूर बदर का आभार व्यक्त किया। लोगों ने प्रशासन से अपील की कि चाइनीज़ मांझे की बिक्री और उपयोग पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बेजुबान पक्षियों और जानवरों को बचाया जा सके।











