सहारनपुर

फर्जी सात नंबर फॉर्म के मामले में जिलाधिकारी से मिले वरिष्ठ सपा नेता टिंकू अरोड़ा

शहरी चौपाल ब्यूरो 
सहारनपुर। सहारनपुर नगर क्षेत्र में कथित रूप से फर्जी सात नंबर फॉर्म भरकर मतदाता सूची से नाम कटवाने के प्रयास को लेकर वरिष्ठ समाजवादी पार्टी नेता व पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने सोमवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया तथा इस संबंध में लिखित पत्र भी सौंपा।
टिंकू अरोड़ा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पूरे उत्तर प्रदेश में सात नंबर फॉर्म को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता सक्रिय हैं और चुनाव आयोग व सत्ता पक्ष पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। सहारनपुर नगर विधानसभा 03 के अंतर्गत 195 बूथों पर लगभग 45 हजार फर्जी सात नंबर फॉर्म छपवाकर बीएलओ को उपलब्ध कराए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोप है कि यह कार्य तहसील स्तर पर कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से किया गया है।
जानकारी मिलने के बाद टिंकू अरोड़ा ने नगर क्षेत्र के कई बीएलओ से संपर्क कर मामले की पड़ताल की तथा उन लोगों से भी बातचीत की, जिनके नाम से कथित तौर पर सात नंबर फॉर्म भरकर आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं। सोमवार को वह छह अलग-अलग बूथों के मतदाताओं को साथ लेकर जिलाधिकारी के समक्ष पेश हुए और उनके द्वारा भरे गए एसआईआर फॉर्म की प्रतियां प्रस्तुत कर पूरी जानकारी दी। उन्होंने अपने पत्र में मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
टिंकू अरोड़ा ने स्पष्ट कहा कि किसी भी सूरत में फर्जी तरीके से सात नंबर फॉर्म भरकर किसी का वोट कटने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने इसे एक बड़ा षड्यंत्र बताते हुए आरोप लगाया कि एक विशेष वर्ग के मतदाताओं के वोट काटने का प्रयास किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम विलोपित नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सात नंबर फॉर्म के साथ दस नंबर प्रारूप भी भरना आवश्यक होता है, इसके बाद नोटिस जारी किया जाता है तथा सभी राजनीतिक दलों को इसकी सूची उपलब्ध कराई जाती है। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी बीएलओ को सख्त निर्देश दिए जा रहे हैं कि बल्क में सात नंबर फॉर्म जमा न किए जाएं। मामले की जांच के आदेश देते हुए उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को फोन पर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
टिंकू अरोड़ा ने कहा कि यह लड़ाई सहारनपुर से लेकर हाईकोर्ट तक लड़ी जाएगी। इसमें शामिल किसी भी स्तर के कर्मचारी या अधिकारी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने सभी बीएलओ से अपील की कि किसी भी राजनीतिक या प्रशासनिक दबाव में आकर फर्जी तरीके से वोट काटने का कार्य न करें।
जिला कार्यालय प्रभारी फैसल सलमानी ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को मताधिकार का अधिकार है। इस पूरे मामले की जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दे दी गई है और समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को मजबूती से बड़े स्तर तक उठाएगी।
इस अवसर पर शुभम वर्मा, शादाब खान, रवि यादव, राजेंद्र सिंह, जमशेद, खुशनुदा रहमानी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!