निर्माणाधीन आंगनवाड़ी केंद्र मार्च अंत तक पूर्ण कराने के निर्देश
स्मार्ट क्लास संचालन हेतु आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशिक्षण देने पर जोर पोषण ट्रैकर एप पर समय से व सही फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में पोषण अभियान के अंतर्गत जिला पोषण समिति एवं डिस्ट्रिक्ट कन्वर्जेन्स प्लान कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों, पोषण योजनाओं और तकनीकी व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के रिक्त पदों के सापेक्ष नियमानुसार भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने पंचायती राज विभाग को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माणाधीन आंगनवाड़ी केंद्रों को मार्च माह के अंत तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए। जिन केंद्रों पर केवल फिनिशिंग का कार्य शेष है, उन्हें इसी सप्ताह पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों की एक एल्बम तैयार कर शुक्रवार तक उपलब्ध कराने को कहा गया।
स्मार्ट एलईडी से युक्त आंगनवाड़ी केंद्रों के बेहतर संचालन को लेकर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, ताकि स्मार्ट क्लास का प्रभावी संचालन हो सके। आरओ इंस्टॉलेशन में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित वेंडर को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पोषण ट्रैकर एप पर आंकड़ों की समय से और सही फीडिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि पोषण से जुड़े डाटा की सटीक प्रविष्टि अत्यंत आवश्यक है, जिससे योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्रों तक पहुंच सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, पीडी डीआरडीए प्रणय कृष्ण, जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश प्रताप सिंह सहित सीडीपीओ एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











