पदभार संभालते ही एक्शन मोड में दिखे एसएसपी अभिनंदन सिंह
प्रेस वार्ता में साफ संदेश, साइबर फ्रॉड से लेकर भू माफिया तक नहीं बख्शे जाएंगे छोटे अपराधियों की कड़ी जोड़कर बड़े माफियाओं को भेजेंगे सलाखों के पीछे


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने पदभार संभालने के बाद सबसे पहले प्रेस वार्ता का आयोजन कर अपनी कार्यशैली और प्राथमिकताओं का स्पष्ट संकेत दे दिया। पत्रकारों से संवाद के दौरान एसएसपी अभिनंदन सिंह ने दो टूक कहा कि सहारनपुर में किसी भी तरह के माफिया को पनपने नहीं दिया जाएगा। चाहे वह साइबर क्राइम फ्रॉड हो, भू माफिया, शराब माफिया, वन माफिया या नशा तस्कर माफिया, सभी पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
एसएसपी अभिनंदन सिंह ने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी में लिप्त माफियाओं को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनकी कमर तोड़ने का काम किया जाएगा। साइबर अपराधों को लेकर भी उन्होंने गंभीर चिंता जताई और कहा कि आम जनता को ठगने वाले साइबर फ्रॉड गिरोहों पर विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
प्रेस वार्ता में एसएसपी ने कहा कि पुलिस की रणनीति केवल छोटे अपराधियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि छोटे अपराधियों की कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए बड़े अपराधियों और सरगनाओं तक पहुंचा जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराध की जड़ तक जाकर माफियाओं को चिन्हित किया जाएगा और उन्हें कानून के शिकंजे में कसकर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही अनिवार्य है। जनता से जुड़े मामलों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम जनता का विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है और इस विश्वास को बनाए रखना हर पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने यह भी कहा कि महिला सुरक्षा, कानून व्यवस्था, यातायात सुधार और जनसुनवाई को प्राथमिकता दी जाएगी। जनता की शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण किया जाएगा, ताकि लोगों को पुलिस के प्रति भरोसा महसूस हो।
प्रेस वार्ता के दौरान एसएसपी अभिनंदन सिंह के सख्त तेवर और स्पष्ट रणनीति से यह संकेत मिला कि आने वाले समय में सहारनपुर में अपराधियों के लिए माहौल कठिन होने वाला है। जनपदवासियों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में पुलिस प्रशासन अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करेगा और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएगा।











