सहारनपुर

शिवालिक फार्म हाउस में दो पक्षों में गोलीबारी, एक युवक की मौत, दो गंभीर घायल

जमीनी रंजिश में दिनदहाड़े फायरिंग से इलाके में दहशत

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र स्थित शिवालिक फार्म हाउस में रविवार को जमीनी विवाद के चलते दो पक्षों के बीच हुई तकरार ने हिंसक रूप ले लिया। बातचीत के लिए बुलाई गई बैठक के दौरान अचानक हुई गोलीबारी में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

मौके पर मौजूद पंकज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ लोग उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करना चाहते थे। इसी विवाद को लेकर रविवार शाम करीब चार बजे उनके किराये के फार्म हाउस पर बातचीत के लिए बैठक रखी गई थी। आरोप है कि विपक्षी पक्ष बातचीत करने के बजाय मात्र दो मिनट के भीतर ही धड़ाधड़ फायरिंग करने लगा। गोली लगने से शिवम (22 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। अचानक चली गोलियों की आवाज से शांत इलाका सहम उठा और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कुछ ही पलों में पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही थाना बिहारीगढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस प्रशासन घटनास्थल पर मौजूद है और फायरिंग के कारणों, घटना के क्रम तथा हमलावरों की पहचान को लेकर हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

इस हृदयविदारक घटना से आसपास के लोगों में भारी आक्रोश और भय व्याप्त है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!