शादी से कुछ घंटे पहले महिला सिपाही लापता, पुलिस ने गठित की विशेष टीमें
मेरठ के मवाना क्षेत्र से उठाकर ले जाने का आरोप, एसटीएफ भी तलाश में जुटी


शहरी चौपाल ब्यूरो
मेरठ। जिले के मवाना थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर सादात में उस समय हड़कंप मच गया, जब शादी से कुछ घंटे पहले एक महिला सिपाही के अपहरण की सूचना सामने आई। शनिवार रात मुजफ्फरनगर से बरात आनी थी, लेकिन उससे पहले ही महिला सिपाही को गांव ढिकोली निवासी युवक अंकित द्वारा अगवा किए जाने का आरोप लगाया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने महिला सिपाही की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की हैं, वहीं एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) को भी इस मामले में लगाया गया है। पुलिस और एसओजी की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम गांव अकबरपुर सादात में महिला सिपाही की शादी की तैयारियां चल रही थीं। कुछ ही घंटों में मुजफ्फरनगर के गांव खेड़की से बरात आनी थी, लेकिन उससे पहले ही अंकित ढिकोली महिला सिपाही को अपने साथ ले गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने तत्काल थाना पुलिस और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
बताया गया कि होने वाला दूल्हा भी महिला सिपाही के साथ थाने में कांस्टेबल के पद पर तैनात है। इस सनसनीखेज घटना के बाद न केवल परिवार, बल्कि पुलिस विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है।
गोपनीयता में चल रही कार्रवाई
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने जांच को गोपनीय रखा है, ताकि महिला सिपाही की सुरक्षित बरामदगी में कोई बाधा न आए। फिलहाल मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
सीओ मवाना का बयान
सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि महिला सिपाही और अंकित ढिकोली पूर्व से परिचित हैं। महिला सिपाही बालिग है और उसकी उम्र करीब 25 वर्ष है। महिला सिपाही ने स्वयं परिजनों को फोन कर बताया है कि वह अपनी मर्जी से गई है और चिंता न की जाए। इसके बावजूद परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दोनों की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच की जा रही है।















