सहारनपुर

पुलिस मुठभेड़ में दो गौकश घायल हालत में गिरफ्तार, एक फरार

कुतुबशेर पुलिस ने हथियार, कारतूस व गोकशी के उपकरण किए बरामद

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना कुतुबशेर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गोकशी के मुकदमे में वांछित दो गौकश अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अभियुक्त मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार गत रात्रि थाना कुतुबशेर पुलिस टीम बड़ी नहर पटरी से हबीबगढ़ जाने वाले कच्चे रास्ते पर संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम हबीबगढ़ की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर वे बाइक मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल गिर गई।

पुलिस टीम को पास आता देख बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जिससे वे घायल हो गए और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार कॉम्बिंग की जा रही है।

गिरफ्तार घायल अभियुक्तों की पहचान नासिर पुत्र इरशाद निवासी ग्राम धलापड़ा थाना सरसावा जनपद सहारनपुर तथा शोबान पुत्र शमशाद निवासी हमजा कॉलोनी थाना कोतवाली देहात जनपद सहारनपुर, मूल निवासी ग्राम धलापड़ा थाना सरसावा के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्त थाना कुतुबशेर पर पंजीकृत मु0अ0सं0-64/2026 धारा 3/5/8 गोवध अधिनियम में वांछित चल रहे थे। घायल अभियुक्तों को प्राथमिक उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 01 तमंचा .315 बोर, 01 खोखा व 02 जिंदा कारतूस, 01 तमंचा .32 बोर, 01 खोखा व 02 जिंदा कारतूस, गोकशी के उपकरण (लकड़ी का गुटका, 04 चाकू, 01 दाब, 02 रस्सी), तथा 01 बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

WebAdmin

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!