सहारनपुर: नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने संभाला पदभार, जनपद की शांति और कानून व्यवस्था को प्राथमिकता


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर : नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अभिनंदन सिंह ने शनिवार शाम को सहारनपुर में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने अपने कार्यभार संभालने से पहले क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थल का दौरा किया और वहां पूजा अर्चना की।
पदभार ग्रहण करने से पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह सबसे पहले बाबा भुरादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा की और जनपद की शांति, कानून व्यवस्था तथा जनता की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की। इसके बाद, वह सिद्ध पीठ माता शाकंभरी देवी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मां के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद वृष पुलिस अधीक्षक ने माता शाकंभरी देवी मंदिर में पूजा अर्चना की और जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और अमन-चैन की कामना की।
धार्मिक अनुष्ठान को समाप्त करने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने सहारनपुर में पुलिस अधिकारियों के साथ अपनी पहली बैठक की। इस दौरान, उन्होंने जनपद की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और जन सुनवाई व्यवस्था को अपनी प्राथमिकता बताते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने बैठक में कहा, “पुलिस की पारदर्शिता और संवेदनशीलता हमारी प्राथमिकता होगी। आम जनता का विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है, और इसे बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है।”

उनके पदभार ग्रहण के साथ ही सहारनपुर में नए SSP के आगमन को लेकर माहौल सकारात्मक देखा जा रहा है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि उनके नेतृत्व में यहां कानून व्यवस्था मजबूत होगी और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
सहारनपुर के निवासियों को अब उम्मीद है कि SSP अभिनंदन सिंह के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन जनपद में शांति और सुरक्षा की स्थिति को और बेहतर बनाएगा।

















