नानौता में वाटरशेड महोत्सव का आयोजन, जल संरक्षण का दिया गया संदेश


शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद सहारनपुर के विकास खण्ड नानौता में भारत सरकार द्वारा वित्त पोषित डब्ल्यूडीसी- पीएमकेएसवाई योजना के अंतर्गत जलागम समिति बडगाँव योजना एवं जडौदा पाण्डा परियोजना क्षेत्र में 31 जनवरी को वाटरशेड महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख श्रीमती चाँदनी राणा ने की। वाटरशेड महोत्सव का उद्देश्य प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के मूल लक्ष्य हर खेत को पानी एवं जल संरक्षण को साकार करना है, जिससे कृषकों की आय में वृद्धि हो तथा कृषि उत्पादन को मजबूती मिले। कार्यक्रम का शुभारम्भ ग्राम बडगाँव में रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग कार्य हेतु भूमि पूजन के साथ किया गया। भूमि पूजन ब्लॉक प्रमुख श्रीमती चाँदनी राणा, भूमि संरक्षण अधिकारी कपिल कुमार, एफपीओ डायरेक्टर चेतन चैहान एवं जलागम समिति शिमलाना अध्यक्ष महेश द्वारा संयुक्त रूप से संपन्न कराया गया। इसके उपरांत जलागम समिति जडौदा पाण्डा अंतर्गत बीएनडी इंटर कॉलेज, जडौदा पाण्डा में रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग कार्य का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में पौधरोपण भी किया गया। वाटरशेड महोत्सव के अंतर्गत भूमि संरक्षण इकाई के तत्वावधान में प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, जिसमें ब्लॉक प्रमुख, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, कृषक, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, एनसीसी कैडेट्स एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रभात फेरी के दौरान जल संरक्षण, जल संवर्धन एवं मृदा संरक्षण से संबंधित स्लोगनों के माध्यम से जन-जन को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं एवं ग्रामीणों को ब्लॉक प्रमुख द्वारा जलागम विकास कार्योंकृवर्षा जल संचयन, चेकडैम निर्माण, तालाबों का जीर्णोद्धार, मेड़बंदी एवं परती भूमि विकासकृकी जानकारी देते हुए सहयोग हेतु प्रेरित किया गया। उन्होंने जडौदा पाण्डा में संपादित कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा भी की। भूमि संरक्षण अधिकारी द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों, जलागम समिति अध्यक्षों, विभागीय कर्मचारियों एवं ग्रामीणजनों का आभार व्यक्त करते हुए वाटरशेड महोत्सव के समापन की घोषणा की गई।

















